विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Chhattisgarh Naxal Attack: दंतेवाड़ा नक्सली हमले में 11 जवान बलिदान, केंद्रीय कैबिनेट ने दी श्रद्धांजलि

By Jagran NewsEdited By: Manish Negi
Published: Wed, 26 Apr 2023 03:13 PM (IST)Updated: Wed, 26 Apr 2023 07:46 PM (IST)

Chhattisgarh Naxal Attack Latest News Updates छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नक्सली हमले ...और पढ़ें

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बड़ा नक्सली हमला
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बड़ा नक्सली हमला

Chhattisgarh Naxal Attack News: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दंतेवाड़ा के अरनपुर में नक्सलियों ने डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवानों पर घात लगाकर हमला किया है। हमले में 11 जवान बलिदान हो गए हैं। इसके अलावा एक ड्राइवर की भी मौत हुई है।

नक्सलियों ने किया आईईडी ब्लास्ट

बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने जवानों के वाहन को निशाना बनाकर आईईडी धमाका किया है। सूचना मिलने के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल रवाना किया गया है। मृतकों में डीआरजी के 10 जवान और एक ड्राइवर शामिल हैं।

इन जवानों का हुआ बलिदान

  • प्रधान आरक्षक कमॉक 74 जोगा सोढी
  • प्रधान आरक्षक क्रमॉक 965 मुन्ना राम कड़ती
  • प्रधान आरक्षक क्रमांक 901 संतोष तामो
  • नव आरक्षक क्रमॉक 542 दुल्गो मण्डावी
  • नव आरक्षक क्रमॉक 289 लखमू मरकाम
  • नव आरक्षक कमॉक 580 जोगा कवासी
  • नव आरक्षक क्रमांक 888 हरिराम मण्डावी
  • गोपनीय सैनिक राजू राम करटम
  • गोपनीय सैनिक जयराम पोड़ियाम
  • गोपनीय सैनिक जगदीश कवासी
  • धनीराम यादव (निजी वाहन चालक)

PM मोदी ने की कड़ी निंदा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नक्सली हमले की कड़ी निंदा की। उन्‍होंने ट्वीट कर बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की है।

कैबिनेट ने दी श्रद्धांजलि

नक्सली हमले में बलिदान हुए 11 जवानों को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में श्रद्धांजलि दी गई। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि दंतेवाड़ा में हमारे 11 जवानों की शहादत हुई है, उनको कैबिनेट ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

आईजी बस्तर ने दी जानकारी

नक्सली हमले के बाद आईजी बस्तर पी सुंदरराज ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से मृतकों के शवों को निकाला जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी वहां मौजूद हैं। सर्च ऑपरेशन जारी है।

बख्शा नहीं जाएगा: भूपेश बघेल

नक्सली वारदात के बाद सीएम भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया सामने आई है। सीएम ने कहा, "यह बहुत दुखदायी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। यह लड़ाई अब अपने अंतिम चरण में है। नक्सलियों को बख्शा नहीं जाएगा।"

अमित शाह ने की सीएम बघेल से बात

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सली हमले के बाद सीएम बघेल से बातचीत की है। शाह ने राज्य सरकार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

सर्च ऑपरेशन बढ़ाने की जरूरत

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इंटर स्टेट ज्वाइंट ऑपरेशन और सर्च ऑपरेशन को बढ़ाने की जरूरत है.... ये (भूपेश बघेल) बार-बार बोलते हैं कि (नक्सलवाद) समाप्ति की ओर है, लेकिन इस तरह की बड़ी-बड़ी घटनाएं होती जा रही हैं।

भूपेश बघेल ने रद्द किया कर्नाटक दौरा

नक्सलियों हमले के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्नाटक का अपना दौरा रद्द कर दिया। भूपेश बघेल का वहां चुनाव प्रचार का कार्यक्रम तय था। वह वीर गति को प्राप्त जवानों को श्रद्धांजलि देने और वहां के हालात का जायजा लेने के लिए दंतेवाड़ा जाएंगे।