यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दो इनामी महिला समेत 25 नक्सलियों ने किया सरेंडर
Naxalites Surrender in Bijapur छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर में पुलिस बल को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर में सोमवार ...और पढ़ें

HighLights
- हथियार डालने वालों को दी गई 25000-25000 रुपये की सहायता
- इस साल अब तक जिले में 170 नक्सली हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटे
पीटीआई, बीजापुर। जागरण न्यूज, बीजापुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे से लौटते ही सोमवार को नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में 29 लाख के छह इनामी सहित 25 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें से तीन नक्सलियों पर आठ-आठ लाख का इनाम हैं। तीनों पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) सदस्य थे। अन्य नक्सलियों में एक पर तीन लाख व दो नक्सलियों पर एक-एक लाख का इनाम था।
अब तक 170 नक्सलियों ने किया समर्पण
सभी भैरमगढ़ व गंगालूर एरिया कमेटी में सक्रिय थे। शाह ने नक्सल उन्मूलन के लिए सात राज्यों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें उन्होंने नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने या फिर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि इस वर्ष अब तक 170 नक्सलियों ने समर्पण किया है। 346 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।
आत्मसमर्पण करने वालों में दो महिला नक्सली भी शामिल
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वालों में दो महिला नक्सली भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 23 साल की शंबती मड़कम और 27 साल की महेश तेलम माओवादियों की कंपनी नंबर 2 में सक्रिय थीं और दोनों पर आठ लाख रुपये का इनाम था।
खोखली माओवादी विचारधारा से निराश होकर किया आत्मसमर्पणः पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 20 साल के गुड्डू काकेम और 32 साल के सुदरू पुनेम ने भी सरेंडर किया है। दोनों पर दस-दस हजार का इनाम था। उन्होंने बताया कि सभी ने खोखली माओवादी विचारधारा और गैरकानूनी आंदोलन के नेताओं द्वारा आदिवासियों पर अत्याचारों से निराशा होकर मुख्य धारा में शामिल होने का फैसला किया है।
अब तक 346 नक्सलियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि हथियार डालने वालों को 25,000-25,000 रुपये की सहायता दी गई है और सरकार की नीति के मुताबिक सभी का पुनर्वास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस इस आत्मसमर्पण के साथ ही इस साल अब तक जिले में 170 नक्सली हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटे हैं। उन्होंने आगे बताया कि इस साल अब तक बीजापुर में ही 346 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।
नक्सलियों ने जनअदालत में की युवक की हत्या
नक्सलियों ने बीजापुर के भैरमगढ़ स्थित जांगला क्षेत्र में रविवार की रात जनअदालत लगाकर जैगुर के युवक सीतु मंडावी को मार डाला। नक्सल संगठन ने पर्चा जारी कर इसकी जिम्मेदारी ली है। पर्चे में युवक पर तीन वर्ष से पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप लगाया है। तीन दिन पूर्व भी इसी क्षेत्र में एक ग्रामीण लांचा पुनेम की हत्या की गई थी। भैरमगढ़ के एसडीओपी तारेश साहू ने बताया कि पुलिस पार्टी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। नक्सलियों ने इस वर्ष अब तक 18 ग्रामीणों और पूर्व नक्सलियों को मौत के घाट उतारा है।
