कांग्रेसियों पर लाठीजार्ज, 18 को छत्तीसगढ़ बंद
रायपुर [ब्यूरो]। विधानसभा घेराव करने निकले कांग्रेसियों पर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया। पुलिस ने का
रायपुर [ब्यूरो]। विधानसभा घेराव करने निकले कांग्रेसियों पर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को दौडा़-दौड़ा कर पीटा। इसमें प्रदेश महामंत्री शैलेष नितिन त्रिवेदी सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए। वहीं लाठीचार्ज में एक ग्रामीण को भी गंभीर चोट आई।
कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने 18 मार्च को छत्तीसगढ़ बंद करने का एलान किया है। वहीं नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने मांगें पूरी नहीं होने तक विधानसभा में गतिरोध कायम रहने की बात कही है।
किसान मजदूर न्याय यात्रा को लेकर निकले कांग्रेसियों ने विधानसभा घेराव करने के पहले सेमरिया में सभा की । इस सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष रविन्द्र चौबे, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, पूर्व सांसद करणा शुक्ला सहित सभी विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए। सभा में कांग्रेसियों ने सरकार पर जमकर हमला किया।
सभा समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा का घेराव करने के लिए कूच किया। कांग्रेसी धीरे-धीरे विधानसभा की तरफ आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया। डीपीएस स्कूल के बाद पुलिस और कांग्रेसियों की जमकर झूमा झटकी हुई। इस बीच कांग्रेसी बैरिकेड तोड़ने में कामयाब हो गए और नरदहा मोड़ तक पहुंच गए। यहां पर भी कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। विधानसभा घेराव करने के लिए कांग्रेसी काफी उग्र हो गए थे। पुलिस ने कांग्रेसियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध में पथराव भी किया। वहीं कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस के दिग्गज नेता सहित कार्यकर्ता बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए। आखिरकार पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर नि:शर्त रिहा कर दिया।
जब तक गरीबों का हक नहीं मिल जाता और नान घोटाले की सीबीआई जांच नहीं होती, तब तक कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। पुलिस ने कांग्रेससियों पर लाठीचार्ज किया है। इसके विरोध में 18 मार्च को छत्तीसगढ़ बंद किया जाएगा-भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष।
किसान-मजदूरों के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन होगा। सरकार के पास मौका है अगर बातचीत से मामलों का हल कर सकती है तो ठीक नहीं तो सदन में मांगे नहीं होने तक गतिरोध कायम रहेगा-टीएस सिंहदेव, नेता प्रतिपक्ष , छत्तीसगढ़।