यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यू एम्बुश में फंसने से तीन जवान शहीद

नारायणपुर [ब्यूरो]। झारा थाना से सर्चिग में गए छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 16 वीं वाहिनी के तीन जवान मंगलवार की सुबह कौशलनार के पास हुए नक्सली मुठभेड़ में शहीद हो गए। सुरक्षा बलों ने दो घंटे तक चले मुठभेड़ में एक वर्दीधारी नक्सली को ढेर कर दिया है। मुठभेड़ में कुछ और नक्सलियों के घायल होने और मारे जाने की भी खबर है, हालांकि इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मुठभेड़ स्थल की ओर रवाना कर दिया गया है।
पुलिस राज्य महानिदेशक [डीजीपी] रामनिवास ने बताया कि मुठभेड़ बुधवार दोपहर को नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले स्थित महाराबेड़ा और कौशलनगर गांव के बीच में हुई। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के होने की सूचना मिलने पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल [सीएएफ] 16 का गश्ती दल सुबह से तलाशी अभियान में लग गया। गश्ती दल जैसे ही महाराबेड़ा गांव के जंगलों के समीप पहुंचा वैसे ही नक्सलियों ने उनपर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जिसमें सीएएफ-16 के दो जवान मौके पर ही शहीद हो गए और बुरी तरह से घायल एक अन्य जवान ने रास्ते में दमतोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से एक नक्सली का शव बरामद किया है। जिसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। नक्सलियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस महानिदेशक रामनिवास के अनुसार मुठभेड़ में कुछ नक्सली घायल हो सकते हैं या मारे गए हैं, जिनको उनके सहयोगी घने जंगलों के बीच ले गए हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
