नहाते समय एनीकट में डूबा युवक
बिलासपुर। चिल्हाटी के शनि मंदिर के पास एनीकट में नहाने के लिए उतरा युवक नदी में डूब गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्हाटी की है। यहां शनि मंदिर के पास अरपा नदी में एनीकट का निर्माण किया गया है। डेम में इन दिनों करीब 7 फीट गहरा पानी है। गांव केही धनुहारपारा निवासी 25 वर्षीय बरमकुमार धनुहार पुत्र मंगल धनुहार बुधवार करीब 11 नहाने के नदी किनारे उतरा था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं आया। आसपास के लोगों ने उसके कपड़ों को देखा और उसकी तलाश शुरू की। दोपहर में उसकी लाश एनीकट के भीतर काई में फंसी हुई मिली। आसपास के युवकों ने इस घटना ने सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि मृतक को तैरना नहीं आता था। संभवत: वह नदी किनारे पैर फिसलने से गहराई में चला गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई होगी। पुलिस मामला ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।