कांग्रेस ने शहर विधानसभा में लगाया जोर
बिलासपुर। बिलासपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी करुणा शुक्ला के टॉरगेट में शहर विधानसभा की सीट है। वे 29 मार्च को कार्यकर्ताओं से ही नहीं, बल्कि आम लोगों से भी मुलाकात कर चुनाव की रणनीति तय करेंगी।
छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में तीन चरणों में चुनाव होना है। बिलासपुर लोकसभा सीट पर 24 अप्रैल को मतदान होना है। इसके मद्देनजर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल रणनीति बनाने के साथ प्रचार में जुट गए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस की प्रत्याशी करुणा शुक्ला ने बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र को टॉरगेट में ले लिया है। पिछले लोकसभा और हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इस सीट से बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेसी इस चुनाव में शहर की सीट से बढ़त बनाने के प्रयास में जुट गए हैं। करुणा शुक्ला भी 29 एवं 30 मार्च को कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से मुलाकात कर चुनाव के बारे में चर्चा करने के साथ सहयोग भी मांगेंगी।
बेटे राहुल ने भी संभाला मोर्चा
करुणा शुक्ला के पुत्र राहुल शुक्ला ने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में उन्होंने वार्ड क्रमांक 14 में पार्षद सीमा रविंद्र सिंह के साथ मिलकर कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों से संपर्क किया। इसके अलावा रविवार को उन्होंने शहर के विभिन्न वाडरें के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
31 को करेंगी नामांकन दाखिल
करुणा शुक्ला ने पहले 2 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने का निर्णय लिया था, लेकिन अचानक मुहूर्त व नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए उन्होंने 31 मार्च को नामांकन दाखिल करने का निर्णय लिया है। इस दौरान कांग्रेस पार्टी रैली निकाल कर शक्ति प्रदर्शन करने की भी तैयारी कर रही है। हालांकि रैली कहां से निकलेगी, यह अभी तय नहीं है।
कांग्रेस भवन बनेगा केंद्रीय कार्यालय और जफर होंगे प्रभारी
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस भवन को ही केंद्रीय कार्यालय बनाने का निर्णय लिया है। जिसका उद्घाटन 25 को किए जाने की बात कही जा रही है। इसके अलावा कार्यालय के प्रभारी शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता जफर अली को बनाए जाने की खबर है। नगर निगम चुनाव के समय में भी अली ने चुनाव की पूरी जिम्मेदारी संभाली थी। जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी को सफलता मिली थी।
सोनिया व राहुल की सभा की भी तैयारी
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सभा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के अंदर कराने की तैयारी चल रही है। हालांकि अभी सभा को लेकर अधिकृत तौर पर मंजूरी नहीं मिली है, लेकिन मुंगेली में सोनिया गांधी और शहर में राहुल गांधी की सभा होने की संभावना जताई जा रही है।
करुणा शुक्ला शहर के वार्ड-वार्ड जाकर कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगी। साथ ही आम लोगों से मुलाकात भी करेंगी। इसके अलावा 31 मार्च को उनकी नामांकन रैली भी निकलेगी। -रविंद्र सिंह ठाकुर [अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी बिलासपुर]