दुर्ग में सरेराह युवक की गोली मारकर हत्या
दुर्ग। कसारीडीह आजाद चौक में बृहस्पतिवार शाम 7 बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आजाद चौक कसारीडीह निवासी 27 वर्षीय पप्पू उर्फ बसंती यादव अपने 24 वर्षीय छोटे भाई रमण यादव के साथ पैदल जा रहा था। इस दौरान सामने से पैदल आ रहे चार युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की। इस बीच एक युवक ने गोली चला दी। गोली पप्पू के पीठ पर लगी। गोली चलाने के बाद आरोपी भाग निकले। मौके पर मौजूद मोहल्ले के पिन्टू यादव पप्पू व रमण को बाइक से लेकर जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचे। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पप्पू ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस का अमला दलबल के साथ मौके पर पहुंच गया। घटना के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर प्रशांत ठाकुर ने बताया कि पप्पू पर गोली चलाने वाले पवन मंडल को हिरासत में ले लिया गया है। घटना के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है। घटना में और कितने लोग शामिल हैं इसका खुलासा पूछताछ के बाद हो पाएगा। गोली चलने के बाद आजाद चौक में दहशत की स्थिति है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस के जवानों को चौक पर तैनात कर दिया गया है।
दो दिन पहले हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक पप्पू यादव का पवन मंडल और उसके साथियों के साथ दो दिन पहले विवाद हुआ था। पप्पू घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली थाना भी गया था लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। मृतक के परिवार में पांच लोग हैं। जिसमें मां, तीन भाई व एक बहन हैं। मृतक भाई बहनों में सबसे बड़ा था। वह केबल का काम करता था।
आरोपियों ने की तोड़फोड़
गोली कांड के बाद आरोपी मृतक पप्पू यादव के घर के निकट जेठू बाड़ा पहुंचे और वहां जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान आरोपियों ने बाड़ा में रखी साइकिल और बाइक में तोड़फोड़ कर दी। करीब 15 मिनट तक उत्पात मचाने के बाद आरोपी भाग निकले। मुख्य आरोपी पवन मृतक के घर के पास ही रहता है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर