कम उम्र में ड्राइविंग बनी जानलेवा, 10 महीने में 54 अभिभावकों पर गिरी गाज; छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक्शन
बिलासपुर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना एक गंभीर समस्या बन गया है, जिससे सड़क हादसे बढ़ रहे हैं और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में है।

छत्तीसगढ़ में नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस की कार्रवाई। (फोटो-प्रतीकात्मक)
HighLights
बिलासपुर में नाबालिगों का वाहन चलाना गंभीर समस्या बना हुआ है।
पिछले 10 महीनों में 54 अभिभावकों पर पुलिस ने कार्रवाई की।
अभिभावकों की जागरूकता और जिम्मेदारी सड़क सुरक्षा हेतु अहम है।
डिजिटल डेस्क, बिलासपुर। शहर की सड़कों पर नाबालिगों का वाहन चलाना एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहनों तक की स्टेयरिंग किशोरों के हाथों में नजर आ रही है।
कम उम्र और ड्राइविंग के अनुभव की कमी के कारण न केवल इन बच्चों की अपनी जान खतरे में रहती है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी दांव पर लगी रहती है। इसके बावजूद अभिभावक अपने छोटे-मोटे घरेलू कामों के लिए नाबालिग बच्चों को वाहन थमाने से परहेज नहीं कर रहे हैं।
10 महीनों में 54 लोगों पर कार्रवाई
यातायात के नियमों के मुताबिक निर्धारित उम्र पूरी करने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाना कानूनी अपराध है।नाबालिगों की लापरवाही से शहर में कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों को गंभीर चोटें आईं और कई मामलों में जान तक चली गई।
नाबालिगों के वाहन चलाते पकड़े जाने पर पुलिस उनके अभिभावकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी कर रही है। आंकड़ों के अनुसार, बीते 10 महीनों में पुलिस इस तरह के मामलों में 54 अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।
इसके बावजूद कम उम्र में वाहन चलाने का सिलसिला थम नहीं रहा है और खासकर स्कूल व कोचिंग आने-जाने के दौरान किशोरों को बेधड़क दोपहिया वाहन चलाते देखा जा सकता है।
स्कूलों की सख्ती भी बेअसर
नाबालिगों का वाहन लेकर स्कूल पहुंचने पर रोक लगाने के लिए कई स्कूल प्रबंधन ने निर्देश जारी कर रखे हैं। विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे वाहन लेकर स्कूल न आएं। इसके बावजूद कई किशोर इस नियम को नहीं मान रहे हैं।
स्कूल परिसर में वाहन लाने की मनाही के चलते छात्र आसपास की गलियों और अन्य जगहों पर गाड़ी खड़ी कर पैदल स्कूल पहुंचते हैं, जिससे स्कूल प्रबंधन की निगरानी और प्रतिबंध का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।
जानकारों की क्या है राय?
रोड सेफ्टी सेल के प्रभारी रहे रिटायर्ड एसआई उमाशंकर पांडेय ने बताया कि बिना निर्धारित उम्र और वैध लाइसेंस के वाहन चलाना गंभीर खतरा है।
नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देना कानूनन गलत है और पकड़े जाने पर पालकों के खिलाफ कार्रवाई का स्पष्ट प्रावधान है।
सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य असित पाल जुनेजा का कहना है कि नाबालिगों के दोपहिया या चारपहिया वाहन लेकर स्कूल न आने को लेकर गाइडलाइन जारी की गई है, लेकिन कुछ छात्र आसपास की गलियों में वाहन पार्क कर देते हैं। इस मामले में अभिभावकों को भी जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
ट्रांसपोर्टर और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य अशोक श्रीवास्तव के अनुसार, कम उम्र में वाहन चलाने वाले किशोरों में सड़क की परिस्थितियों का आकलन करने और अचानक निर्णय लेने का पर्याप्त अनुभव नहीं होता। तेज रफ्तार, गलत ओवरटेकिंग और नियमों की अनदेखी बड़े हादसों की आशंका को बढ़ा देती है।
पुलिस की ओर से चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
बिलासपुर के यातायात एएसपी रिचा मिश्रा ने कहा, 'सड़क पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त उपाय किए जा रहे हैं। यातायात पुलिस की ओर से लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में स्कूलों के आसपास विशेष अभियान चलाकर इस तरह के मामलों की सख्ती से निगरानी की जाएगी।'
अभिभावकों की जिम्मेदारी भी अहम
सड़क सुरक्षा के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। इसमें अभिभावकों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों को वाहन देने के बजाय उन्हें यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक करना जरूरी है।
कम उम्र में वाहन चलाने की छूट देना बच्चों के लिए जोखिम बढ़ाने के साथ दूसरे लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकता है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, 8 साल से अलग रह रहे दंपती का तलाक मंजूर; पिता को सौंपी बेटे की कस्टडी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।