पैसों की तंगी में कर्ज चुकाने के लिए अपनाएं ये तरीके, काम होगा आसान
वित्तीय मुश्किलों में ये बातें लोन चुकाने में आपकी मदद करेंगी।
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। कई बार हम कर्ज लेकर अपने खर्च पूरे करते हैं। कर्ज लेकर हम एक साथ आए बड़े खर्च की जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। बाद में धीरे-धीरे उस कर्ज को उतार दिया जाता है, लेकिन कई बार ऐसी स्थिति आ जाती हैं जब हम सही समय पर कर्ज नहीं चुका पाते हैं। ऐसी स्थिति में कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जाता है। आज हम आपको कुछ ऐसी बातें बताने जा रहे हैं जो ऐसी स्थिति में आपके काम आ सकती हैं-
योजना बनाकर रखें
अगर आपने कर्ज ले रखा है तो उसकी किस्त चुकाने के लिए तय समय पर पर्याप्त रकम का रिजर्व रखें। अगर आपने पहले से योजना बनाकर कैश रिजर्व रखा है तो आप मौके पर होने वाली परेशानियों से बच सकते हैं। अगर आप समय पर तय रकम नहीं चुका पाते हैं तो आपके क्रेडिट स्कोर के खराब होने का खतरा बना रहता है। अगर आप किसी वजह से मौके पर पेमेंट नहीं कर सकते तो बैंक या लैंडर को इसकी जानकारी दे। इससे हो सकता है कि आपको कर्ज चुकाने के लिए आपको कुछ अतिरिक्त समय मिल जाए।
पेमेंट के लिए समय मांगे
अगर आप किन्हीं वजहों से तय समय पर पेमेंट कर पाने में असमर्थ हैं तो बैंक से बात करें। इससे आपको कर्ज चुकाने का अतिरिक्त वक्त मिल सकता है। उन्हें अपनी मौजूदा स्थिति के बारे में बताएं। अगर आपने एजुकेशन लोन लिया है और आपको नौकरी नहीं मिली है तो आपको थोड़ा और समय मिल सकता है। कई बैंक ऐसे छात्रों को नौकरी ढूंढ़ने में भी मदद देते हैं।
डेब्ट सेटलमेंट की कोशिश करें
डेब्ट सेटलमेंट के लिए एक छोटी अवधि में एकमुश्त भुगतान कर दें। ध्यान रहे कि यह रकम अच्छी होनी चाहिए। इसके आधार पर आप कर्जदाता से सेटलमेंट की बात कर सकते हैं। इसे आप कर्जदाता को आश्वस्त करने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।
रिफाइनेंस के बारे में सोचे
अगर आपको कर्ज चुकाने में मुश्किलें आ रही हैं तो आप रिफाइनेंस के लिए जा सकते हैं। इसमें आप बैंक या लैंडर से आसान नियमों और शर्तों पर कर्ज की पेमेंट के बारे में बात कर सकते हैं। इसके तहत आपकी कर्ज चुकाने की मौजूदा शर्तों और नियमों को थोड़ा लचीला बनाया जा सकता है, जिससे आपको कर्ज भुगतान में सहूलियत हो।