नए साल में रेलवे से शाही सफर का ले सकते हैं आनंद, इन ट्रेनों में भी आता है Maharaja Express जैसा मजा
भारत में महाराजा एक्सप्रेस द डेक्कन ओडिसी द गोलेडन चैरिऑट रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स और पैलेस ऑन व्हील्स जैसी ट्रेनों में आप बिल्कुल ही राजशाही अनुभव वाली यात्रा का लुत्फ उठा सकते हैं। आप अपने नए साल का शानदार राजशाही जश्न भी इन ट्रेनों में मना सकते हैं।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। हम लोग अक्सर ही कई जगहों पर रॉयल या राजशाही ट्रेनों का जिक्र सुनते रहते हैं। भारत में महाराजा एक्सप्रेस, द डेक्कन ओडिसी, द गोल्डन चैरिऑट, रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स और पैलेस ऑन व्हील्स जैसी ट्रेनों में आप बिल्कुल ही राजशाही अनुभव वाली यात्रा का लुत्फ उठा सकते हैं। इन ट्रेनों में कई सारे लोग महाराजा एक्सप्रेस के नाम से तो वाकिफ हैं, पर अन्य लग्जरी ट्रेनों के बारे में लोगों को काफी कम जानकारी उपलब्ध हो पाती है। आप अपने नए साल का शानदार राजशाही जश्न भी इन ट्रेनों में मना सकते हैं। तो आइए जानते हैं महाराजा एक्सप्रेस समेत दूसरी ट्रेनों की पूरी जानकारी।
महाराजा एक्सप्रेस
लग्जरी ट्रेन की बात की जाय तो इसमें सबसे पहला नाम आता है, महाराजा एक्सप्रेस का। इस ट्रेन में सैलानियों को पूरी राजशाही ठाट बाठ के साथ यात्रा करने का मौका मिलता है। इस ट्रेन में आपको रेस्टोरेंट, लाउंज बार, डीलक्स केबिन, और जूनियर सूट जैसी लग्जरी सुविधाएं मिलती हैं। फिलहाल आप ट्रेन की बुकिंग के लिए आइआरसीटीसी की वेबसाइट www.the-maharajas.com पर जाकर बुकिंग कर सकते हैं। महाराजा एक्सप्रेस में आपको चार प्राकार के यात्रा पैकेज मिलते हैं, जिनके लिए आपको अलग अलग किराया चुकाना पड़ता है। अगर आप इस ट्रेन हेरिटेल ऑफ इंडिया टूर के तहत प्रेसिंडेंशियल सूट डबल की बुकिंग करते हैं तो इसके लिए आपको 37,93,482 रुपये खर्च करने होंगे। वेबसाइट के माध्यम से हर एक तरह के टूर और किराए की दानकारी ली जा सकती है।
द डेक्कन ओडिसी
यह ट्रेन भी लग्जरी ट्रेन के तौर पर शुमार है। इस लग्जरी ट्रेन को साल 2005 में महाराष्ट्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। डेक्कन ओडिसी भारतीय रेलवे और महाराष्ट्र राज्य सरकार के बीच एक संयुक्त सहयोग है। यह शानदार ट्रेन महाराष्ट्र के पर्यटन स्थलों को कवर करती है और यात्रियों को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की एक झलक दिखलाती है। इस ट्रेन में सैलानियों को डाइनिंग कार, सैलून, बार लाउंज, मिनी जिमनैजियम, कॉन्फ्रेंस हॉल और आयुर्वेदिक स्पा जैसी सुविधाएं मिलती हैं। आप www.deccan-odyssey-india.com पर जाकर ट्रेन के बारे अधिक जानकारी हासिल कर सकते हैं।
द गोल्डन चैरिऑट
इस ट्रेन को दक्षिण भारत के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया था। यह लग्जरी ट्रेन दक्षिण भारत के कई पर्यटक स्थलों को कवर करती है, जिस दौरान आप वहां की संस्कृति और कला से काफी अच्छी तरह से वाकिफ होते हैं। आप ट्रेन की ऑफिशियल वेबसाइट www.goldenchariot.org पर जाकर सुविधाओ, बुकिंग और किराए के बारे में पूरी डिटेल जान सकते हैं।
पैलेस ऑन व्हील्स
पैलेस ऑन व्हील्स राजशाही ट्रोनों का जाना माना नाम रही है। यह ट्रेन राजस्थान के शाही ठाट बाठ की जलक दिखाती है। सीधे तौर पर यह कहा जा सकता है कि, यह ट्रेन एक तरह का चलता फिरता राजमहल ही है। जहां पर आपको हर एक तरह की राजशाही सेवाओं और सुविधाओं का लुत्फ लेने का मौका मिलता है। आप ट्रेन की आधिकारिक वेबसाइट www.palacesonwheels.com पर जाकर इसके बारे में और अधिक जानकारी जुटा सकते हैं। रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स ट्रेन भी इस राजशाही ट्रेन का एक हिस्सा है।