सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 15, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जानिए क्या है प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और कैसे उठा सकते हैं फायदा, सरकार ने की है शिशु मुद्रा लोन पर 2% ब्याज छूट की घोषणा

By Pawan JayaswalEdited By:
Published: Fri, 15 May 2020 01:45 PM (IST)Updated: Sun, 17 May 2020 05:11 PM (IST)

Shishu Mudra Loan शिशु मुद्रा लोन मुख्यत छोटे कारोबारियों के लिए है। इसमें 50000 रुपये तक का लोन लिया जा सकता है।

जानिए क्या है प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और कैसे उठा सकते हैं फायदा, सरकार ने की है शिशु मुद्रा लोन पर 2% ब्याज छूट की घोषणा
जानिए क्या है प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और कैसे उठा सकते हैं फायदा, सरकार ने की है शिशु मुद्रा लोन पर 2% ब्याज छूट की घोषणा

नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार और गुरुवार को आत्मनिर्भर भारत पैकेज के अंतर्गत कई बड़ी घोषणाएं की हैं। इनमें से एक घोषणा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना को लेकर भी है। वित्त मंत्री ने शिशु मुद्रा लोन पर दो फीसद की ब्याज छूट देने की घोषणा की है। ब्याज में इस छूट से लोन लेने वाले छोटे कारोबारियों को फायदा होगा। इस योजना में 50 हजार रुपये तक का लोन लिया जा सकता है। आइए जानते हैं कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना क्या है और कैसे आप इसका लाभ उठा सकते हैं।

क्या है प्रधानमंत्री मुद्रा योजना

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) आठ अप्रैल 2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च की गई थी। इस योजना के तहत कारोबार करने वालों को 10 लाख रुपये तक का लोन उपलब्ध कराया जाता है। ये लोन वाणिज्यिक बैकों, आरआरबी, स्मॉल फाइनेंस बैंकों, एमएफआई और एनबीएफसी द्वारा दिये जाते हैं। ग्राहक इन संस्थानों में जाकर लोन के बारे में बात कर सकते हैं या www.udyamimitra.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन एप्लाई कर सकते हैं। इस योजना में बिना गारंटी के आसानी से लोन मिल जाता है।

मिलते हैं तीन तरह के लोन

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में तीन तरह के लोन बांटे जाते हैं। शिशु मुद्रा लोन, किशोर मुद्रा लोन और तरुण मुद्रा लोन। शिशु मुद्रा लोन मुख्यत: छोटे कारोबारियों के लिए है। इसमें 50,000 रुपये तक का लोन लिया जा सकता है। वहीं किशोर मुद्रा लोन में 50,000 से 5 लाख रुपये तक का लोन लिया जा सकता है। इसके अलाना तरुण मुद्रा लोन की बात करें, तो इसमें 5 लाख रुपये से 10 लाख रुपये तक का लोन मिलता है।

इस तरह मिलता है लोन

अगर आप कोई छोटा-मोटा व्यापार शुरू करना चाहते हैं और उसके लिए आपको रुपयों की आवश्यकता है, तो आप प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत लोन ले सकते हैं। इसके लिए आपको अपने कारोबार से जुड़ी जानकारी और महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज लेकर नजदीकी बैंक ब्रांच में जाना होगा। वहां बैंक में आपसे आपके व्यापार के बारे में जानकारी ली जाएगी। आपसे व्यापार से संबंधित प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर लाने के लिए भी कहा जा सकता है। इसके बाद आपके व्यापार के आधार पर आपका लोन मंजूर हो जाएगा। यहां बता दें कि इस योजना में भिन्न-भिन्न बैंकों द्वारा भिन्न-भिन्न ब्याज दर ली जाती है।

ब्याज में छूट से देनदारों के बचेंगे 1500 करोड़ रुपये

सरकार द्वारा गुरुवार को शिशु मुद्रा लोन पर ब्याज में दो फीसद की छूट की घोषणा की गई है। अर्थात अब यह रकम सरकार द्वारा दी जाएगी।  इस समय शिशु मुद्रा लोन पर करीब 10 से 11 फीसद की दर से ब्याज बैंकों द्वारा लिया जा रहा है।  सरकार द्वारा यह छूट 12 महीने के लिए दी जाएगी। सरकार के अनुसार, इस राहत का लाभ करीब तीन करोड़ लोगों को मिलेगा। ब्याज में दो फीसद की छूट से लोन लेने वालों के 1500 करोड़ रुपये बचेंगे।