भारत में मिलता है दुनिया का सबसे सस्ता मोबाइल डेटा, इसके बाद इन देशों का नाम
दुनिया में सबसे सस्ता मोबाइल डेटा भारत में है। यह बात वर्ल्ड मोबाइल डेटा प्राइसिंग रिपोर्ट से सामने आई है। भारत में 1जीबी मोबाइल डेटा पैकेज अधिकांश देशों की तुलना में सस्ता है।
नई दिल्ली, अनुराग मिश्र/पीयूष अग्रवाल। दुनिया में सबसे सस्ता मोबाइल डेटा भारत में है। यह बात वर्ल्ड मोबाइल डेटा प्राइसिंग रिपोर्ट से सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 1जीबी मोबाइल डेटा पैकेज अधिकांश देशों की तुलना में काफी सस्ता है। इसके बाद इजरायल, किर्गिस्तान, इटली और यूक्रेन हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की आबादी सबसे युवा है। यहां के युवा टेक्नोलॉजी से समृद्ध हैं। भारत का सुपरफोन मार्केट काफी वाइब्रेंट है। इसमें नई तकनीक को समाहित करने की क्षमता है। बाजार में प्रतिस्पर्द्धा है। इन सबके बावजूद डेटा भी बेहद सस्ता है। भारत में 1 जीबी डाटा की औसत कीमत 0.09 डॉलर है। इजरायल में 1 जीबी डाटा की औसत कीमत 0.11 डॉलर, किर्गिस्तान में 0.21 डॉलर, इटली और यूक्रेन में क्रमश: 0.43 डॉलर और 0.46 डॉलर है। इन देशों में फाइबर ब्रांड इंफ्रास्ट्रक्चर (इटली, भारत, यूक्रेन और इजरायल की तुलना में) काफी बेहतर है। सबसे महंगा मोबाइल डेटा सेंट हेलेना में है। यहां भारत से 583 गुना मोबाइल डेटा महंगा है।
रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल ने स्मार्टफोन बाजार के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है। विभिन्न सर्विस प्रोवाइडर्स ने इजराइल के फास्ट 4जी एलटीई बाजार को कवर कर रखा है। वहीं, किर्गिस्तान का मोबाइल सेक्टर बेहतर, ओपन और विदेशी निवेश को बढ़ावा देने वाला है। किर्गिस्तान मोबाइल डेटा प्रावधानों पर काफी निर्भर करता है। इटली उन देशों में से एक है, जहां मोबाइल डेटा काफी सस्ता है। इटली 5जी नेटवर्क को विस्तार देने की प्रक्रिया में है।
केबल डॉट को डॉट यूके के कंज्यूमर टेलीकॉम एनालिस्ट डॉन हाउडल ने रिपोर्ट को लेकर कहा है कि सस्ता होने की दो प्रमुख वजहें हैं- पहला, ऐसे देश जहां मोबाइल और ब्रॉडबैंड इंफ्रास्ट्रक्टर काफी बेहतर हैं, ऐसे में प्रोवाइडर्स बड़ी मात्रा में डेटा उपलब्ध करा सकने में सक्षम हैं, दूसरा- ऐसे देश जहां लोगों की अधिक दाम दे सकने की सामर्थ्य नहीं है। वहीं, जिन देशों में कीमतें अधिक हैं, वहां इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर नहीं है और साथ ही इस्तेमाल भी काफी कम है। साथ ही कुछ विकसित देशों में दर अधिक है।
ब्रिटेन में एक जीबी डेटा की कीमत 1.39 डॉलर है। वहीं, अमेरिका में एक जीबी की कीमत 8 अमेरिकी डॉलर है। हालांकि, सेंट हेलेना में मोबाइल डेटा सबसे महंगा है। यहां पर एक जीबी डेटा की दर 52.50 डॉलर है।
इस रिपोर्ट को बनाने के लिए 228 देशों के 5,554 मोबाइल डेटा प्लान का विश्लेषण और अध्ययन किया गया। इस सूची में 10 महंगे देशों में से 5 सब सहारा अफ्रीका के हैं।
सस्ती मोबाइल दर में बीस एशियाई देश शामिल
सूची में 20 एशियाई मुल्क ऐसे हैं, जहां डेटा की दर काफी सस्ती है। सूची में भारत नंबर एक है। इसके बाद श्रीलंका, वियतनाम, चीन, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश, मंगोलिया, ईरान, म्यांमार और नेपाल हैं।
इन देशों में एक जीबी डेटा की कीमत एक डॉलर से कम है। बाल्टिक देशों में एस्टोनिया में मोबाइल डेटा की कीमत 1.85 डॉलर (एक जीबी) है।
दक्षिण कोरिया और उत्तरी अमेरिका में अधिक कीमत
रिपोर्ट में सामने आया कि दक्षिण कोरिया और उत्तरी अमेरिका में मोबाइल डेटा की कीमतें अधिक हैं। अध्ययन के अनुसार, टेक्नोलॉजी के मामले में एडवांस होने के बाद भी दक्षिण कोरिया में 1जीबी डेटा की कीमत 10.94 डॉलर है। वहीं, जापान, ताइवान, हांगकांग और कुछ एशियाई देश भी इस मामले में महंगे हैं।
ये हैं सबसे महंगे देश
एक जीबी डेटा की औसत कीमत इन देशों में काफी अधिक है। सेंट हेलेना, फाल्कलैंड आईलैंड, नाऊरू, बरमूडा, साओ टोमे और प्रिंसिपे और मालावी सबसे महंगे देशों में हैं। इन देशों में एक जीबी डॉलर की औसत कीमत क्रमश: 52.50, 40.41, 30.47,28.75 और 28.26 डॉलर है।