US मिड टर्म चुनाव में ट्रंप की हार से कच्चा तेल 8% गिरा, सोने-चांदी में जबरदस्त तेजी; अमेरिकी बाजार भी उछले
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के नतीजों के बाद वैश्विक वित्तीय बाजारों में बड़ा बदलाव आया है। ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की ...और पढ़ें

ट्रंप की हार के बाद कच्चा तेल 8% तक सस्ता हुआ।
HighLights
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने बढ़त हासिल की।
ट्रंप की हार के बाद कच्चा तेल 8% तक सस्ता हुआ।
सोने, चांदी और अमेरिकी शेयर बाजार में जोरदार तेजी आई।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में हुए मडिटर्म चुनाव के नतीजों का दुनियाभर के वित्तीय बाजार में दिख रहा है। चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में बढ़त हासिल कर ली है। इस राजनीतिक बदलाव के बाद कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली, जबकि सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी आई। वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार में भी खरीदारी का माहौल रहा।
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। उपलब्ध बाजार आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिकी क्रूड ऑयल (WTI) की कीमत करीब 7.71 फीसदी टूटकर 88.68 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। वहीं, ब्रेंट क्रूड का भाव 8.69 फीसदी गिरकर 94.60 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
तेल की कीमतों में इस गिरावट के पीछे अमेरिका की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के साथ पश्चिम एशिया में तनाव को लेकर बाजार की बदलती उम्मीदें भी अहम मानी जा रही हैं। निवेशकों को उम्मीद है कि चुनाव के बाद अमेरिकी नीतियों में बदलाव और ईरान के साथ संभावित बातचीत से तेल आपूर्ति को लेकर चिंताएं कम हो सकती हैं। हालांकि, क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
सोना और चांदी की कीमतों में तेजी
एक तरफ जहां कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, वहीं दूसरी तरफ सोने और चांदी ने निवेशकों को आकर्षित किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 4,061.13 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इसमें 3.29 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
घरेलू बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोने और चांदी की कीमतों में बढ़त देखने को मिली। सोने का भाव 3,645 रुपये यानी 2.61 फीसदी बढ़कर 1,43,097 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमत 7,387 रुपये यानी 4.11 फीसदी की तेजी के साथ 1,87,085 रुपये पर पहुंच गई।
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया ने कहा- बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई; WTI 8.41% गिरकर 88.61 डॉलर पर आ गया, जबकि MCX क्रूड 8.1% टूटकर 8,367 रुपये पर पहुंच गया। अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण हासिल कर लिया, जो राष्ट्रपति ट्रम्प के लिए एक बड़ा झटका है।"
उन्होंने आगे कहा कि उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने रिपब्लिकन की हार के लिए ईरान युद्ध को जिम्मेदार ठहराया, जिससे तनाव कम करने की दिशा में नीतिगत बदलाव की उम्मीदें जगी हैं। ट्रम्प के इस संकेत से कि ईरान पर फिलहाल कोई नया हमला नहीं होगा, भू-राजनीतिक आपूर्ति संबंधी चिंताएं कम हो गईं। इसके चलते बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली, क्योंकि ट्रेडर्स ने कच्चे तेल की कीमतों में युद्ध से जुड़े 'रिस्क प्रीमियम' का फिर से आकलन किया।
अमेरिकी शेयर बाजार में भी तेजी
चुनावी नतीजों के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला। रिपब्लिकन पार्टी की हार और डेमोक्रेट्स की जीत के बाद निवेशकों ने बाजार में खरीदारी की। अमेरिकी बाजार के प्रमुख सूचकांकों में तेजी दर्ज की गई। कारोबार के दौरान डाउ जोन्स में करीब 2.6 फीसदी तक की बढ़त देखने को मिली, जबकि S&P 500 और नैस्डैक भी हरे निशान में कारोबार करते नजर आए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।