Tata Elxsi: Q2 नतीजों के बाद शेयरों में 7% का जोरदार उछाल, लेकिन शानदार तेजी के बावजूद एक्सपर्ट्स क्यों दे रहे हैं चेतावनी?
टाटा एलेक्सी के Q2 नतीजों के बाद शेयरों में 7% की तेजी देखी गई, लेकिन ब्रोकरेज फर्मों ने स्टॉक के ...और पढ़ें

Tata Elxsi में शानदार तेजी के बावजूद एक्सपर्ट्स क्यों दे रहे हैं चेतावनी?
HighLights
Q2 नतीजों के बाद टाटा एलेक्सी के शेयर 7% उछले।
कंपनी का राजस्व 15% और शुद्ध मुनाफा 10% बढ़ा।
ब्रोकरेज फर्मों ने स्टॉक पर 'बेयरिश' या सतर्क रुख अपनाया।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: टाटा ग्रुप की दिग्गज डिजाइन और टेक्नोलॉजी सर्विस प्रोवाइडर कंपनी टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi) के शेयरों में जोरदार एक्शन देखने को मिला है। कंपनी द्वारा अपनी दूसरी तिमाही (Q2) के नतीजे पेश करने के बाद इसके शेयरों में 7% से ज्यादा की शानदार तेजी दर्ज की गई। नतीजों से खुश होकर निवेशकों ने भले ही जमकर खरीदारी की हो, लेकिन बाजार के ज्यादातर दिग्गज ब्रोकरेज और एनालिस्ट्स इस स्टॉक के आउटलुक को लेकर अभी भी 'बेयरिश' (Bearish) यानी सतर्क नजर आ रहे हैं।
कैसे रहे Q2 के वित्तीय नतीजे?
कंपनी का ऑपरेशंस से कुल रेवेन्यू सालाना आधार पर (YoY) करीब 15% बढ़कर 1,055.66 करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले साल इसी तिमाही में 918 करोड़ रुपये था। सितंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा (PAT) सालाना आधार पर 10% बढ़कर 170.30 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि, पिछली तिमाही (Q1) के मुकाबले तिमाही-दर-तिमाही (QoQ) आधार पर मुनाफा लगभग सपाट रहा है। कंपनी के ऑपरेटिंग प्रॉफिट में भी लगभग 19.9% की शानदार सालाना ग्रोथ दर्ज की गई है।
शानदार तेजी के बाद भी ब्रोकरेज क्यों हैं डरे हुए?
तिमाही नतीजों के बाद शेयर रॉकेट की तरह भागा, लेकिन बाजार के जानकारों का मानना है कि स्टॉक के वैल्यूएशन और भविष्य के रिटर्न टार्गेट्स को लेकर दबाव बना हुआ है:
JPMorgan (जेपी मॉर्गन)
JPMorgan ने Tata Elxsi के लिए ₹3,200 के प्राइस टारगेट के साथ "न्यूट्रल" रेटिंग दी है, जो मौजूदा लेवल से 6.6% की गिरावट की संभावना दिखाता है। फर्म ने कहा कि Tata Elxsi की ग्रोथ में जो पॉजिटिव सरप्राइज देखने को मिला, वह US और भारत में ऑटो सेक्टर में मिली डील्स की वजह से था, जबकि यूरोपियन यूनियन में यह सेक्टर अभी भी दबाव में है।
हालांकि कंपनी ने संकेत दिया है कि साल की दूसरी छमाही पहली छमाही से बेहतर रहेगी (यूरोपियन यूनियन को छोड़कर), लेकिन JPMorgan का मानना है कि फाइनेंशियल ईयर 2026 की दूसरी छमाही का बेस ऊंचा होने और EU में अनिश्चितताओं के कारण, FY27 की दूसरी छमाही (H2) की ग्रोथ पहली छमाही (H1) के मुकाबले कम रहेगी।
मैनेजमेंट ने यह भी संकेत दिया है कि मार्जिन में धीरे-धीरे सुधार होगा, लेकिन फाइनेंशियल ईयर 2026 की चौथी तिमाही में रहे 22% के मार्जिन लेवल तक वापस पहुंचने में समय लगेगा।
JPMorgan ने Tata Elxsi के लिए अपनी कमाई का अनुमान 10% से 11% तक घटा दिया है। इसकी मुख्य वजह फाइनेंशियल ईयर 2028-2029 के लिए मार्जिन अनुमानों में 200 से 240 बेसिस पॉइंट्स की कटौती है।
Motilal Oswal (मोतीलाल ओसवाल)
मोतीलाल ओसवाल ने टाटा एल्क्सी (Tata Elxsi) के लिए "सेल" (बेचने) की रेटिंग दी है, लेकिन इसके प्राइस टारगेट को बढ़ाकर ₹2,970 कर दिया है। फिर भी, यह 13 अक्टूबर की क्लोजिंग कीमत से 13% की गिरावट की संभावना दिखाता है।
ब्रोकरेज का कहना है कि साल की दूसरी छमाही में टाटा एल्क्सी की रेवेन्यू ग्रोथ पहली छमाही से बेहतर होगी और तीनों मुख्य वर्टिकल में ग्रोथ दिखेगी। हालांकि, लगातार तेजी नए डील मिलने पर निर्भर करेगी, क्योंकि नए काम को पूरी रफ्तार पकड़ने में आमतौर पर 2-3 क्वार्टर लगते हैं।
मोतीलाल ओसवाल ने चेतावनी दी है कि यूरोप में ऑटोमोटिव की मांग ग्रोथ में एक बड़ी रुकावट बनी रह सकती है, क्योंकि मांग कम है और ऑटोमोटिव इंजीनियरिंग पर खर्च और डील फाइनल होने की प्रक्रिया ग्राहकों के सतर्क खर्च और फैसले लेने में देरी से प्रभावित हो रही है।
