Stocks to Watch Today: GIFT Nifty से गिरावट के संकेत; आज BEL, Persistent Systems समेत इन शेयरों में दिखेगा एक्शन
Stock to watch today: भारतीय शेयर बाजार में 22 अक्टूबर को निवेशकों की नजर ग्लोबल संकेतों, कच्चे तेल की कीमतों ...और पढ़ें

शेयर बाजार में आज दबाव के बीच कारोबार
HighLights
कच्चे तेल की ऊंची कीमतें बाजार पर डाल रहीं दबाव।
BEL को मिले 1,011 करोड़ के नए रक्षा ऑर्डर।
Persistent Systems QIP से जुटाएगी 4,265 करोड़ रुपये।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार, 22 अक्टूबर को निवेशकों की नजर ग्लोबल संकेतों, कच्चे तेल की कीमतों और कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजों पर रहेगी। बुधवार को बाजार में शुरुआती तेजी के बावजूद बिकवाली हावी रही और सेंसेक्स-निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। ऐसे में आज बाजार की दिशा तय करने में GIFT Nifty के संकेतों के साथ-साथ कंपनियों से जुड़ी खबरों की अहम भूमिका रहेगी।
कच्चे तेल की कीमतें बढ़ा रहीं चिंता
बुधवार को सेंसेक्स 143.21 अंक यानी 0.19% गिरकर 73,709.69 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 में 77.60 अंक यानी 0.34% की गिरावट रही और यह 22,811.35 पर आ गया। बैंक निफ्टी भी 0.92% गिरकर 54,976.90 पर बंद हुआ।
बाजार पर सबसे बड़ा दबाव कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का है। ब्रेंट क्रूड 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से भारत जैसे तेल आयातक देश की अर्थव्यवस्था और कंपनियों की लागत को लेकर चिंता बढ़ी है। बुधवार को आईटी शेयरों में मजबूती के बावजूद बैंकिंग, ऑटो और मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में कमजोरी देखने को मिली।
तकनीकी नजरिए से निफ्टी के लिए 23,175 का स्तर अहम माना जा रहा है। इस स्तर के ऊपर टिकने पर 23,300 और उसके बाद 23,500 तक रिकवरी की संभावना पर नजर रहेगी। हालांकि, ऊंचे क्रूड और बिकवाली के दबाव के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
आज इन शेयरों में दिख सकता है एक्शन
1. भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL)
डिफेंस सेक्टर की सरकारी कंपनी BEL को 13 अक्टूबर के बाद से 1,011 करोड़ रुपये के अतिरिक्त ऑर्डर मिले हैं। इनमें रडार, कम्युनिकेशन उपकरण, सोनार, जैमर, अपग्रेड, स्पेयर पार्ट्स और सेवाओं से जुड़े ऑर्डर शामिल हैं। इसके अलावा, कंपनी को रक्षा मंत्रालय से 770 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट भी मिला है। इन ऑर्डर से शेयर में हलचल देखने को मिल सकती है।
2. Persistent Systems
आईटी कंपनी Persistent Systems ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशंस प्लेसमेंट (QIP) के जरिए 4,265 करोड़ रुपये जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है। कंपनी ने 21 अक्टूबर को इश्यू खोलने की मंजूरी दी थी।
3. KEI Industries
वायर और केबल बनाने वाली KEI Industries का सितंबर तिमाही में मुनाफा सालाना आधार पर 29.3% बढ़कर 262.5 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का रेवेन्यू 38.5% बढ़कर 3,776.4 करोड़ रुपये पहुंच गया। EBITDA में भी करीब 39.8% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
4. महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज
महिंद्रा फाइनेंशियल का दूसरी तिमाही में मुनाफा 54.8% बढ़कर 881.5 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 569.3 करोड़ रुपये था। कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम भी 13.2% बढ़कर 2,391.4 करोड़ रुपये रही।
5. इटरनल (Eternal)
फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनी इटरनल का तिमाही मुनाफा पिछली तिमाही के 92 करोड़ रुपये से बढ़कर 125 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी का रेवेन्यू भी बढ़ा।
6. इंडियन होटल्स कंपनी (IHCL)
टाटा ग्रुप की होटल कंपनी इंडियन होटल्स का सितंबर तिमाही में मुनाफा सालाना आधार पर 19.4% बढ़कर 380 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू 21.7% बढ़कर 2,484.3 करोड़ रुपये पहुंच गया।
7. टाटा कम्युनिकेशंस
टाटा कम्युनिकेशंस की स्पेन स्थित सब्सिडियरी को टैक्स मामले में राहत मिली है। स्पेन की अदालत ने 15.51 मिलियन यूरो की VAT मांग और 18.10 मिलियन यूरो की पेनल्टी को रद्द कर दिया है।
8. Pine Labs
डिजिटल पेमेंट कंपनी Pine Labs ने अपनी सब्सिडियरी SFNPL में करीब 25 करोड़ रुपये का निवेश किया है। कंपनी ने राइट्स इश्यू के तहत 49,869 इक्विटी शेयर खरीदे हैं। इस निवेश से सब्सिडियरी की वर्किंग कैपिटल जरूरतों और कारोबार के विस्तार को मदद मिलेगी।
Results Today: आज इन कंपनियों के नतीजों पर नजर
गुरुवार को कई कंपनियां सितंबर तिमाही के नतीजे जारी करेंगी। इनमें स्विगी, कोलगेट-पामोलिव इंडिया, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अडानी टोटल गैस, ब्लूस्टोन ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल, चेन्नई पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन, क्रेडिटएक्सेस ग्रामीण, साइएंट, हैवेल्स इंडिया, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन, जिंदल स्टेनलेस, निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट, नुवोको विस्टास कॉर्पोरेशन, रैलिस इंडिया, सैगिलिटी, सफायर फूड्स इंडिया और टाटा टेलीसर्विसेज (महाराष्ट्र) शामिल हैं।
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
