शेयर बाजार में गलत टिप्स देने वाले 'फिनफ्लुएंसर्स' की अब खैर नहीं, SEBI ले रहा तगड़ा एक्शन!
सेबी बिना लाइसेंस के शेयर बाजार से जुड़ी गलत टिप्स देने वाले 'फिनफ्लुएंसर्स' पर कड़ी कार्रवाई कर रहा है। नियामक ...और पढ़ें

शेयर बाजार में गलत टिप्स देने वाले 'फिनफ्लुएंसर्स' की अब खैर नहीं, SEBI ले रहा है तगड़ा एक्शन!
HighLights
सेबी बिना लाइसेंस वाले 'फिनफ्लुएंसर्स' पर सख्त कार्रवाई कर रहा है।
हर महीने 6000-7000 भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट हटाए जा रहे हैं।
निवेशकों को जागरूक करने के लिए 'प्रोजेक्ट जागरूक' लॉन्च किया गया।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप भी यूट्यूब, इंस्टाग्राम या टेलीग्राम पर शेयर बाजार से जुड़ी टिप्स देखकर पैसा लगाते हैं? अगर हां, तो अब सावधान हो जाइए! मार्केट रेगुलेटर सेबी अब ऐसे लोगों को जिन्हें 'फिनफ्लुएंसर्स' (फाइनेंशियल इन्फ्लुएंसर्स) कहा जाता है, उन पर पैनी नजर रख रहा है जो बिना किसी लाइसेंस के गलत सलाह दे रहे हैं और मासूम निवेशकों का नुकसान करवा रहे हैं। सेबी के चेयरमैन तुहिन कांता पांडेय ने बताया कि रेगुलेटर हर महीने सोशल मीडिया से करीब 6000 से 7000 ऐसे भ्रामक पोस्ट हटा रहा है।
'पंप एंड डंप' पर कसा जा रहा है शिकंजा
सेबी चेयरमैन कांता पांडेय ने एक कार्यक्रम में कई सारे जरूरी मुद्दों पर बात की। यहां उन्होंने अपने खास प्रोग्राम 'प्रोजेक्ट जागरूक' (Project Jagrook) को लॉन्च किया। पांडेय ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का मकसद निवेशकों को जागरूक करना है ताकि वे धोखाधड़ी से बच सकें। उन्होंने बताया कि कई इन्फ्लुएंसर्स प्रमोटर्स के साथ मिलकर 'पंप एंड डंप' (Pump & Dump - किसी शेयर का भाव जानबूझकर बढ़ाना और फिर बेचकर निकल जाना) जैसे घोटालों को अंजाम दे रहे हैं और सेबी लगातार ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रख रहा है।
बिना लाइसेंस के सलाह देना खतरनाक
सेबी चीफ ने साफ कहा कि असली दिक्कत तब शुरू होती है जब ये फिनफ्लुएंसर्स अपनी हदें पार कर देते हैं। अगर कोई व्यक्ति बिना लाइसेंस या रेगुलेटरी रजिस्ट्रेशन के किसी खास शेयर को खरीदने या निवेश की कोई खास रणनीति अपनाने की पक्की सलाह देता है, तो ये बहुत ही गैर-जिम्मेदाराना हरकत है। इससे निवेशकों को भारी नुकसान हो सकता है। सेबी चीफ ने कहा कि ये बहुत गलत है और ऐसे लोगों पर सख्त एक्शन लेने का पूरा हक हम रखते हैं।
किस पर हो रही है कार्रवाई?
पांडेय के मुताबिक, मुख्य रूप से तीन तरह के फिनफ्लुएंसर्स होते हैं:
- जो सेबी के साथ रजिस्टर्ड हैं और नियमों के दायरे में काम करते हैं।
- जो रजिस्टर्ड नहीं हैं, लेकिन सिर्फ अपनी राय या ज्ञान शेयर करते हैं।
- वो लोग जो नियम तोड़ते हैं और बिना लाइसेंस के पक्की टिप्स देते हैं।
ऐसे में तीसरी कैटेगरी को लोगों पर सेबी डंडा चला रहा है। कार्रवाई के तहत सिर्फ उनके कंटेंट को डिलीट नहीं किया जा रहा, बल्कि सबूतों के आधार पर उनसे अवैध तरीके से कमाए गए मुनाफे को भी छीना जा रहा है। कई मामलों में सेबी ऐसे लोगों को शेयर मार्केट से बैन भी कर रहा है।
यंग इन्वेस्टर्स क्या करें?
नए और युवा निवेशकों को गुरुमंत्र देते हुए सेबी चेयरमैन ने कहा कि अगर आप कॉन्सेप्ट को समझ लें, तो निवेश करना बहुत ही आसान है। लेकिन, बिना कुछ समझे-बूझे आंख मूंदकर किसी भी शेयर में पैसा लगा देना बिल्कुल गलत तरीका है। हम यही मैसेज सब तक पहुंचाना चाहते हैं कि पहले सीखें, फिर निवेश करें।
