RVNL Share Price: रेलवे कंपनी ने वंदे भारत स्लीपर के लिए बनाया मेगा प्लान, 1 साल में पटरी पर दौड़ाने की तैयारी
रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के लिए एक बड़ा प्लान बना रहा है। रेलवे बोर्ड के ...और पढ़ें

भारतीय रेलवे देश भर में वंदे भारत ट्रेनों के नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रहा है।
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे देश भर में वंदे भारत ट्रेनों के नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रहा है। इसी कड़ी में रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने वंदे भारत स्लीपर (Vande Bharat Sleeper) ट्रेनों के लिए एक बड़ा 'मेगा प्लान' तैयार किया है। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और सीईओ सतीश कुमार ने घोषणा की है कि आरवीएनएल के नेतृत्व वाले जॉइंट वेंचर (JV) द्वारा बनाई जा रही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का प्रोटोटाइप एक साल के भीतर परीक्षण (ट्रायल) के लिए तैयार हो जाएगा।
प्रमुख घोषणाएं और टाइमलाइन
आरवीएनएल (RVNL) के 21वें स्थापना दिवस समारोह में बोलते हुए सतीश कुमार ने इस प्रोजेक्ट को कंपनी की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक बताया।
120 ट्रेनों का बड़ा ऑर्डर
प्रोटोटाइप के सफल परीक्षण के बाद, आरवीएनएल के संयुक्त उपक्रम को कुल 120 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की आपूर्ति करनी होगी।
तारीखों को लेकर अलग-अलग राय
रेलवे बोर्ड के सीईओ ने कोई निश्चित समय सीमा नहीं बताई है, लेकिन आरवीएनएल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (CMD) सलीम अहमद ने हाल ही में कहा था कि प्रोटोटाइप को जून 2026 तक पेश किया जा सकता है।
क्या होगा डिले?
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, काम यद्यपि तेज गति से चल रहा है, लेकिन जून 2026 तक परीक्षण संभव नहीं लग रहा है और इस टाइमलाइन में अगले वर्ष तक की देरी हो सकती है।
पहली स्लीपर ट्रेन को मिल चुकी है हरी झंडी
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते 17 जनवरी को देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की जोड़ी को कामाख्या और हावड़ा के बीच हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। हालांकि, अन्य वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के संचालन और रूट को लेकर फिलहाल कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, क्योंकि रेल मंत्रालय ने अभी तक इस संबंध में कोई नई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) क्या करती है?
आरवीएनएल भारत सरकार (रेल मंत्रालय) के अधीन एक प्रमुख 'नवरत्न' कंपनी है, जिसकी स्थापना 2003 में हुई थी। इसका काम रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को लागू करना। रेलवे लाइनों का दोहरीकरण (Doubling) और गेज परिवर्तन (Gauge Conversion) करना, नई रेलवे लाइनें बिछाना और रेलवे विद्युतीकरण (Electrification) करना और बड़े पुलों, वर्कशॉप और उत्पादन इकाइयों का निर्माण करना है।
शेयर बाजार में भी RVNL के स्टॉक पर निवेशकों की पैनी नजर बनी हुई है। वंदे भारत के इस मेगा प्लान से कंपनी के शेयरों में हलचल देखी जा सकती है। कंपनी का मार्केट कैप (Market Cap) ₹57,338 करोड़ है। मौजूदा शेयर प्राइस ₹275 रुपये है।
