कभी डूबने वाली थी Paytm! आज प्रॉफिट हुआ 10 गुना; लगातार छठी तिमाही में हुई बंपर कमाई
Paytm की पेरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड का शुद्ध लाभ Q2 FY27 में 10 गुना बढ़कर ₹225 करोड़ हो गया ...और पढ़ें

कभी डूबने वाली थी Paytm! आज प्रॉफिट हुआ 10 गुना
HighLights
Q2 FY27 में शुद्ध लाभ 10 गुना बढ़कर ₹225 करोड़.
कंपनी ने लगातार छठी तिमाही में मुनाफा दर्ज किया.
परिचालन राजस्व 28% और EBITDA 90% बढ़ा.
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: एक समय मुश्किलों से जूझ रही Paytm की पेरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड ने शानदार वापसी करते हुए अपने मुनाफे में 10 गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर ₹225 करोड़ रुपये हो गया है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी ने 21 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। इसके साथ ही कंपनी लगातार छठी तिमाही में मुनाफे में रही है।
कंपनी ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि दूसरी तिमाही में उसका परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 2,648 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, पेटीएम की ब्याज, कर, मूल्यह्रास (Depreciation) और परिशोधन (Refinement) से पहले की आय (EBITDA) 90 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 270 करोड़ रुपये हो गई। ईबीआईटीडीए मार्जिन पहली बार दहाई अंक में पहुंचकर 10 प्रतिशत हो गया।
पहली छमाही में भी मुनाफे में बड़ा उछाल
इसके साथ ही, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी पेटीएम के प्रदर्शन में बड़ा सुधार देखने को मिला। इस दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ तीन गुना से अधिक होकर 445 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 144 करोड़ रुपये था।
पेमेंट और फाइनेंशियल सर्विसेज से बढ़ा कमाई
जुलाई-सितंबर तिमाही में पेटीएम को भुगतान सेवाओं से मिलने वाला राजस्व सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 1,434 करोड़ रुपये रहा। वहीं, वित्तीय सेवाओं के वितरण से होने वाला राजस्व 49 प्रतिशत बढ़कर 912 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
UPI में उद्योग से दोगुनी से ज्यादा रफ्तार
तिमाही के दौरान paytm के UPI लेनदेन का मूल्य 42 प्रतिशत बढ़ा, जबकि उद्योग की वृद्धि दर 19 प्रतिशत रही। मासिक लेनदेन करने वाले उपयोगकर्ताओं की संख्या सालाना आधार पर एक करोड़ बढ़कर 8.5 करोड़ हो गई। सितंबर, 2026 के अंत में कंपनी के पास 13,617 करोड़ रुपये की नकदी थी।
