Tatkal Ticket Booking: दीवाली पर घर जाने के लिए नहीं मिली कन्फर्म टिकट? तत्काल में ऐसे करें बुकिंग, ये रहा पूरा प्रोसेस
How to book tatkal train ticket: त्योहारों पर कन्फर्म ट्रेन टिकट न मिलने की समस्या के लिए तत्काल टिकट एक ...और पढ़ें

ऐसे बुक करें तत्काल टिकट, ये रहा पूरा प्रोसेस
HighLights
तत्काल टिकट बुकिंग यात्रा से एक दिन पहले खुलती है।
IRCTC वेबसाइट/ऐप से ऑनलाइन बुकिंग संभव है।
कन्फर्म तत्काल टिकट पर रिफंड नहीं मिलता।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: दीवाली और छठ पूजा पर घर जाने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा? त्योहारों के दौरान ट्रेनों में सीटों की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे में तत्काल टिकट आपके लिए एक विकल्प हो सकता है। हालांकि, इसके लिए सही समय पर बुकिंग करना और जरूरी जानकारियां पहले से तैयार रखना बेहद जरूरी है।
भारतीय रेलवे (IRCTC) यात्रियों को तत्काल (Tatkal train ticket) कोटे के तहत सीमित सीटें उपलब्ध कराता है। इन टिकटों की बुकिंग यात्रा की तारीख से एक दिन पहले खुलती है। अगर आप भी इस त्योहारी सीजन में ट्रेन से सफर करने वाले हैं, तो जान लीजिए तत्काल टिकट बुक करने का सही समय, ऑनलाइन बुकिंग का तरीका और इससे जुड़े जरूरी नियम।
तत्काल टिकट बुकिंग की टाइमिंग क्या है?
तत्काल टिकट की बुकिंग (Tatkal train ticket booking) ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से रवाना होने की तारीख के एक दिन पहले खुलती है। AC और नॉन-AC क्लास के लिए बुकिंग का समय अलग-अलग होता है।
- AC क्लास: सुबह 10 बजे से
- स्लीपर और अन्य नॉन-AC क्लास: सुबह 11 बजे से
उदाहरण के लिए, अगर आपकी ट्रेन 29 अक्टूबर को अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना हो रही है, तो तत्काल कोटे की बुकिंग 28 अक्टूबर को खुलेगी। ध्यान रखें कि यह तारीख ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से रवाना होने के आधार पर तय होती है, न कि जरूरी तौर पर आपके बोर्डिंग स्टेशन की तारीख के हिसाब से।
IRCTC से ऐसे बुक करें तत्काल टिकट (how to book train tatkal ticket)
अगर आप ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करना चाहते हैं, तो इन स्टेप्स को फॉलो करें:
1. सबसे पहले IRCTC की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपने अकाउंट में लॉगिन करें।
2. यात्रा की तारीख, कहां से कहां तक जाना है और अपनी पसंद की ट्रेन तय रखें।
3. ट्रेन और यात्रा की क्लास चुनें। इसके बाद कोटा में Tatkal का विकल्प चुनें।
4. उपलब्धता चेक करके बुकिंग के विकल्प पर क्लिक करें।
5. यात्रियों का नाम, उम्र और अन्य जरूरी जानकारी भरें।
6. पेमेंट के लिए उपलब्ध विकल्पों में से किसी एक को चुनकर भुगतान पूरा करें।
7. टिकट बुक होने के बाद PNR नंबर और टिकट का स्टेटस जरूर चेक करें।
त्योहारों में सीटें तेजी से भर सकती हैं, इसलिए बुकिंग शुरू होने से पहले ही लॉगिन कर लेना और यात्रियों की जानकारी तैयार रखना फायदेमंद हो सकता है।
तत्काल टिकट बुक करने के लिए आधार जरूरी
IRCTC की वेबसाइट और ऐप से तत्काल टिकट बुक करने के लिए आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी है। रेलवे ने तत्काल बुकिंग में अधिकृत एजेंटों पर भी शुरुआती 30 मिनट की पाबंदी लगाई है। AC क्लास में सुबह 10 से 10:30 बजे तक और नॉन-AC क्लास में सुबह 11 से 11:30 बजे तक एजेंट तत्काल टिकट बुक नहीं कर सकते।
तत्काल टिकट बुक करने से पहले जान लें ये नियम
तत्काल टिकट बुक करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए:
- ऑनलाइन तत्काल ई-टिकट में एक PNR पर अधिकतम चार यात्रियों की बुकिंग की जा सकती है।
- सामान्य किराये (train ticket price) के अलावा तत्काल शुल्क भी देना पड़ता है। यह क्लास के हिसाब से अलग-अलग होता है।
- कन्फर्म तत्काल टिकट कैंसिल कराने पर आमतौर पर रिफंड नहीं मिलता।
- कुछ ट्रेनों, क्लास या रूट पर तत्काल कोटा उपलब्ध नहीं हो सकता।
- समय पर बुकिंग करने के बावजूद सीट मिलने की गारंटी नहीं होती, क्योंकि तत्काल कोटे में सीटें सीमित होती हैं।
