Ola Electric Share: तूफानी तेजी के बाद 9% गिरे ओला के शेयर, 6 महीने में दोगुना रिटर्न; ये खरीदारी का अच्छा मौका?
ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में चार दिनों की तेजी के बाद 9% की गिरावट दर्ज की गई, जिसके पीछे कंपनी द्वारा राइट्स इश्यू के ज़रिए फंड जुटाने की घोषणा है।

ओला के शेयरों में 25 सितंबर को आई गिरावट।
HighLights
ओला इलेक्ट्रिक के शेयर चार दिन की तेजी के बाद गिरे।
कंपनी 28 सितंबर, 2026 को राइट्स इश्यू पर विचार करेगी।
मार्च की गिरावट से अब तक शेयरों ने दिया 95% रिटर्न।
नई दिल्ली। ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric Share) के शेयरों में पिछले 4 दिनों से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया और कंपनी के शेयरों में 9 फीसदी की गिरावट आ गई। इन चार दिनों में ओला इलेक्ट्रिक के शेयर 17 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए थे। 23 सितंबर को शेयरों में 11 प्रतिशत की तेजी आ गई थी। 25 सितंबर को सुबह ओला इलेक्ट्रिक के शेयर 42.50 रुपये पर खुले और शुरुआती कारोबार में 38.65 रुपये का निचला स्तर छू लिया।
कंपनी के शेयरों में यह गिरावट राइट्स इश्यू (Rights Issue) को लेकर हुए एलान के बीच आई है। दरअसल, कंपनी ने हाल ही में घोषणा की है कि वह 28 सितंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग में 'राइट्स इश्यू' के ज़रिए फंड जुटाने पर विचार करेगी। रेगुलेटरी और कानूनी मंज़ूरी मिलने पर होने वाले इस फंड जुटाने के कदम से कुछ हफ़्ते पहले ही कंपनी के बोर्ड ने इक्विटी शेयरों और अन्य सिक्योरिटीज़ के ज़रिए 1,500 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना को मंज़ूरी दी थी।
शेयरों का शानदार प्रदर्शन
ओला के शेयरों ने लगातार गिरावट के बाद इस साल मार्च में 22.25 रुपये का 52 वीक लो लगाया था और यहां से आई रिकवरी की बदौलत शेयर ने 42 रुपये का स्तर छू लिया यानी इस अवधि में शेयर ने लगभग निवेशकों का पैसा दोगुना कर दिया।
कंपनी ने राइट्स इश्यू पर क्या कहा?
एक्सचेंज फाइलिंग में ओला इलेक्ट्रिक ने कहा, "ओला इलेक्ट्रिक ने आज स्टॉक एक्सचेंजों को बताया कि वह इक्विटी शेयरों के प्रस्तावित 'राइट्स इश्यू' के लिए बोर्ड की मंज़ूरी ले रही है। लागू कानूनों के तहत, रिटेल, इंस्टीट्यूशनल और प्रमोटर ग्रुप समेत सभी योग्य शेयरधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 'राइट्स इश्यू' के रास्ते पर विचार किया जा रहा है।"
कंपनी ने कहा कि बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स सोमवार, 28 सितंबर, 2026 को इक्विटी शेयरों के राइट्स इश्यू के ज़रिए फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए बैठक करेंगे। यह बैठक ज़रूरी रेगुलेटरी और कानूनी मंज़ूरी मिलने पर निर्भर करेगी।
ये भी पढ़ें - GMP तेजी से भाग रहा, सब्सक्रिप्शन 18 गुना हुआ; अब इस IPO में आया कमाई का मौका!
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
