जिस दिवालिया कंपनी को अनिल अंबानी ने बेचा, उसमें Zerodha वाले निखिल कामथ ने खरीदे शेयर, 500 करोड़ का OFS
जिरोधा के को-फाउंडर निखिल कामथ और क्वांट म्यूचुअल फंड ने स्वान डिफेंस एंड हेवी इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में महत्वपूर्ण ...और पढ़ें

HighLights
निखिल कामथ और क्वांट एमएफ ने स्वान डिफेंस के शेयर खरीदे।
यह खरीदारी प्रमोटर हेज़ल इंफ्रा के OFS के जरिए हुई।
स्वान डिफेंस पहले अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस नेवल थी।
नई दिल्ली। देश की मशहूर ब्रोकिंग फर्म जिरोधा के को-फाउंडर निखिल कामथ (Zerodha Nikhil Kamath) और क्वांट म्यूचुअल फंड ने ईरान और अमेरिका में चल रही जंग के बीच एक डिफेंस (Swan Defence) कंपनी के शेयरों में खरीदारी की है। निखिल कामथ और क्वांट म्यूचुअल फंड ने स्वान डिफेंस एंड हेवी इंडस्ट्रीज लिमिटेड (SDHI) की प्रमोटर इकाई द्वारा हाल ही में संपन्न हुए ऑफर फॉर सेल (OFS) में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी हासिल की है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटनाक्रम से परिचित लोगों ने यह जानकारी दी। खास बात है कि यह कंपनी पहले अनिल अंबानी की हुआ करती थी।
सूत्रों ने बताया कि दोनों निवेशकों ने ऑफर फॉर सेल में बेचे गए शेयरों में से लगभग आधे शेयर खरीदे। 501 करोड़ रुपये के ऑफर फॉर सेल का सौदा 19 मार्च को पूरा हुआ, जिसमें प्रमोटर कंपनी हेज़ल इंफ्रा ने पांच प्रतिशत हिस्सेदारी बेची। ओएफएस 1.2 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
क्यों लाया गया OFS?
स्वान डिफेंस एंड हेवी इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से यह ओएफएस SEBI की न्यूनतम पब्लिक शेयरहोल्डिंग शेयरधारिता आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से था। दिसंबर 2025 तक, हेज़ल इंफ्रा के पास स्वान डिफेंस एंड हेवी इंडस्ट्रीज में 94.91 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। हेज़ल इंफ्रा ने 26 लाख से अधिक शेयर 1,900 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य पर बेचे।
हालांकि, स्वान डिफेंस ने इस पर कमेंट करने से इनकार कर दिया। वहीं, क्वांट एमएफ और निखिल कामथ की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, इसलिए जागरण बिजनेस इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
अनिल अंबानी की हुआ करती थी कंपनी
स्वान डिफेंस, जिसे पहले रिलायंस नेवल एंड इंजीनियरिंग के नाम से जाना जाता था, एक जहाज निर्माण और भारी निर्माण कंपनी है। पहले यह अनिल अंबानी के रिलायंस एडीएजी (ADAG) समूह की कंपनी थी। दिवालिया प्रक्रिया (NCLT) के तहत, स्वान एनर्जी लिमिटेड ने 2023 में इस कंपनी का अधिग्रहण किया और बाद में इसका नाम बदलकर 'स्वान डिफेंस' कर दिया।23 मार्च को स्वान डिफेंस के शेयर 5 फीसदी की गिरावट के साथ 1954 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। 16 मार्च के बाद से कंपनी के शेयरों में लगातार गिरावट हावी है।
ये भी पढ़ें- शेयर बाजार ट्रेडिंग नियम में होने जा रहे बड़े बदलाव? विदेशी निवेशकों की होगी चांदी, फिर लौटेंगे भारत!
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
