6 घंटे, 4 कंपनी और 40000 करोड़ का नुकसान, टाटा समूह में जारी घमासान से निवेशक बेहाल
टाटा समूह में जारी अंदरुनी घमासान के कारण निवेशकों को भारी नुकसान हुआ, जिससे ग्रुप की कंपनियों की मार्केट वैल्यू में 40,000 करोड़ रुपये की गिरावट आई।

टाटा समूह की कंपनियों का मार्केट कैप गिरा।
HighLights
टाटा समूह की कंपनियों के मार्केट कैप में 40,000 करोड़ रुपये की गिरावट।
टाटा ट्रस्ट्स की टाटा संस की लिस्टिंग पर असहमति से अनिश्चितता बढ़ी।
निवेशकों की बिकवाली से TCS, टाटा केमिकल्स समेत कई शेयर गिरे।
नई दिल्ली। टाटा समूह में जारी अंदरुनी घमासान के चलते 18 सितंबर को निवेशकों को तगड़ा नुकसान उठाना पड़ा, क्योंकि टाटा ग्रुप की कंपनियों के मार्केट कैप में 40,000 करोड़ रुपये तक की गिरावट आ गई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि टाटा संस की सबसे बड़ी शेयरहोल्डर, टाटा ट्रस्ट्स ने कहा कि वह ग्रुप की पैरेंट कंपनी की लिस्टिंग के लिए सहमत नहीं है, जिससे अनिश्चितता बढ़ गई।
निवेशकों ने लीडरशिप को लेकर अनिश्चितता और टाटा संस की संभावित लिस्टिंग का ग्रुप के स्ट्रक्चर पर पड़ने वाले असर को देखते हुए सावधानी बरती, जिसके कारण शेयरों में बिकवाली हुई।
4 शेयरों में जबरदस्त बिकवाली
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट में PhonePe के Share.Market के एनालिस्ट मयंक जैन ने कहा कि गवर्नेंस से जुड़ी चिंताओं का असर टाटा ग्रुप के शेयरों के सेंटीमेंट पर पड़ रहा है, और अलग-अलग कंपनियां अभी भी अपनी इंडस्ट्री से जुड़े फंडामेंटल्स से प्रभावित हो रही हैं। टाटा समूह की सबसे मूल्यवान कंपनी, टीसीएस के शेयर बिकवाली के दबाव के कारण 3.88 प्रतिशत गिरकर बंद हुए।
मार्केट एनालिस्ट ने कहा कि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के शेयर डेली चार्ट पर लगातार कमजोरी दिख रही है और बिकवाली के दबाव के कारण इसका मार्केट स्ट्रक्चर 'लोअर-हाई' और 'लोअर-लो' वाला बना हुआ है। यह स्टॉक अपने अहम मूविंग एवरेज से नीचे बना हुआ है, जो शॉर्ट-टू-मीडियम-टर्म में गिरावट का ट्रेंड (डाउनट्रेंड) दिखाता है।
वहीं, टाटा केमिकल्स के शेयरों में 11% से ज़्यादा की गिरावट आई और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर 3.4% गिरे। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) के बारे में जैन ने कहा, "TMPV डेली चार्ट पर भारी बिकवाली के दबाव में है। अपने पिछले हाई से तेज गिरावट के बाद इसका लॉन्ग-टर्म डाउनट्रेंड जारी है।
टाटा एल्क्सी के शेयरों में 3.4 प्रतिशत की गिरावट आई, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन के शेयरों में 2.55 प्रतिशत की कमी हुई और टाटा स्टील के शेयर 0.93 प्रतिशत नीचे गिरे।
ये भी पढ़ें - अनिल अग्रवाल की वेदांता को फिर से चाहिए लोन, 3500 करोड़ रुपये के NCD को बोर्ड ने दी मंजूरी; क्यों पड़ी जरूरत?
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
