Jaiprakash Power के शेयरों में तूफानी तेजी, 511 करोड़ के सेटलमेंट का असर; अब दिवालिया नहीं होगी कंपनी!
जयप्रकाश पावर वेंचर्स के शेयरों में 7% की तेजी आई, क्योंकि कंपनी ने नेशनल एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (NARCL) के साथ 511 करोड़ रुपये के क्लेम का निपटारा किया।

HighLights
जेपी पावर के शेयरों में 7% की शानदार तेजी दर्ज।
कंपनी ने NARCL के साथ 511 करोड़ का क्लेम निपटाया।
समझौते से दिवालियापन की कार्यवाही वापस ली जाएगी।
नई दिल्ली। जयप्रकाश पावर वेंचर्स (JP Power Share) की कंपनी के शेयरों के लिए 21 सितंबर का दिन बड़ा शानदार रहा। क्योंकि, शेयरों ने 14% तक की तेजी दिखा दी लेकिन क्लोजिंग 7 प्रतिशत की बढ़त के साथ हुई। खबर है कि कंपनी ने नेशनल एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (NARCL) के साथ 511 करोड़ रुपये के क्लेम का सेटलमेंट किया है। NSE पर कंपनी के शेयरों ने 14 प्रतिशत की तेजी दिखाते हुए 17.49 रुपये का हाई लगाया, और क्लोजिंग 16.48 रुपये पर दी।
दिवालिया नहीं होगी कंपनी?
CNBC-TV18 की रिपोर्ट के बाद कंपनी के शेयरों में तेज़ी आई। इस रिपोर्ट में कहा गया कि कंपनी और NARCL इस मामले को 511 करोड़ रुपये के फुल और फाइनल पेमेंट के साथ सुलझाने पर सहमत हो गए हैं। कंपनी ने कहा कि यह समझौता 511 करोड़ रुपये के पेमेंट, कुछ अन्य शर्तों को पूरा करने और पक्के एग्रीमेंट (समझौते) को लागू करने पर निर्भर करेगा। कंपनी ने आगे कहा कि सेटलमेंट की सभी शर्तें पूरी होने के बाद, इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड (IBC) के तहत चल रही इनसॉल्वेंसी की कार्यवाही वापस ले ली जाएगी।
खास बात है कि इस तेजी के साथ ही 21 सितंबर को कंपनी के शेयरों ने 200 DMA का स्तर छुआ लेकिन मुनाफावसूली के चलते क्लोजिंग इस लेवल के नीचे हुई। पिछले कुछ महीनों में जेपी पावर के शेयरों में लगातार गिरावट देखने को मिली है। पिछले साल जुलाई में कंपनी के शेयरों की कीमत 27.70 रुपये थी और मार्च 2026 में कीमत 13 रुपये के स्तर पर चली गई थी।
ये भी पढ़ें - विवाद के बीच LIC ने टाटा समूह में लगाया पैसा, पोर्टफोलियो वैल्यू 1 लाख करोड़ के पार; इन शेयरों में किया निवेश
1994 में बनी जयप्रकाश पावर वेंचर लिमिटेड, कोयला खनन, रेत खनन, सीमेंट की पिसाई और थर्मल व हाइड्रोइलेक्ट्रिक बिजली के उत्पादन का काम करती है। इस कंपनी का मार्केट कैप 11000 करोड़ से ज्यादा है। कंपनी में विदेशी निवेशकों की 6 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी है।
