ITC ने रिजल्ट से पहले लगाया बड़ा दांव, बेबी केयर वाली इस कंपनी में झोंक दिए ₹30 करोड़; 49.32% हुई हिस्सेदारी
ITC ने बेबी केयर कंपनी मदर स्पार्श में अपनी हिस्सेदारी 39.47% से बढ़ाकर 49.32% कर दी है। कंपनी ने इस निवेश के लिए ₹30 करोड़ खर्च किए हैं, जिसकी जानकारी तिमाही नतीजों से पहले दी गई।
HighLights
ITC ने मदर स्पार्श में हिस्सेदारी 49.32% तक बढ़ाई।
बेबी केयर कंपनी में ₹30 करोड़ का निवेश किया।
यह निवेश तिमाही नतीजों से पहले घोषित हुआ।
नई दिल्ली। देश की दिग्गज FMCG कंपनी ITC ने एक बड़ा दांव खेला है। कंपनी ने एक बेबी केयर प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 49.32% कर ली है। इससे पहले कंपनी के पास 39.47% हिस्सेदारी थी।
ITC ने इसकी जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी। कंपनी ने बताया कि उसने 30 करोड़ रुपये बेबी केयर कंपनी मदर स्पार्श (Mother Sparsh) में निवेश किया है। इस निवेश के बाद उसकी हिस्सेदारी बढ़ गई है। खास बात यह है कि ITC ने अपने तिमाही नतीजों से पहले यह बड़ा निवेश किया है। कंपनी 21 मई को वित्त वर्ष 2026 के चौथी तिमाही के नतीजे जारी करेगी।
बाजार बंद होते ही आई खबर
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में मदर स्पार्श अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की जानकारी दी। उसने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा- हमारे 17 अप्रैल, 2025 और 21 मई, 2025 के पत्रों के क्रम में, हम आपको सूचित करते हैं कि कंपनी ने आज, दूसरी किश्त में, मदर स्पार्श बेबी केयर प्राइवेट लिमिटेड ('मदर स्पार्श') के ₹10/- मूल्य के 1,681 इक्विटी शेयर (माध्यमिक खरीद के माध्यम से) अधिग्रहित किए हैं। इस आशय की पुष्टि कंपनी को अपराह्न 3.00 बजे प्राप्त हुई है।"
यह भी पढ़ें- ITC की 2 कंपनियों का खत्म हो जाएगा वजूद, NCLT ने दी विलय की मंजूरी; 1 जून से लागू होगा आदेश
बाजार बंद होते-होते आईटीसी ने इसकी जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी। उसने कहा कि इस खरीदारी के बाद मदर स्पर्श में कंपनी की शेयरधारिता उसकी शेयर पूंजी का कुल 49.32% (पूरी तरह से डाइल्यूटेड आधार पर) हो गई है।
सेकेंडरी खरीद के जरिए हासिल की हिस्सेदारी
ITC ने अपनी एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि Mother Sparsh के शेयर, उस कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों से सेकेंडरी खरीद के जरिए हासिल किए गए हैं। कंपनी का कोई प्रमोटर / प्रमोटर ग्रुप नहीं है। कंपनी की ग्रुप कंपनियों का Mother Sparsh में कोई हित नहीं है।
ITC ने यह हिस्सेदारी कैश में खरीदी है। इसके लिए उसने 30 करोड़ रुपये खर्च किए। 30 करोड़ रुपये के बदले उसे 9.85% हिस्सेदारी मिली, जिससे उसकी कुल हिस्सेदारी बढ़कर 49.32% हो गई।
यह भी पढ़ें- JP Associates के बाद इस दिवालिया कंपनी के भी मालिक बनेंगे अदाणी? अधिग्रहण का प्लान जमा किया; CCI ने दी मंजूरी
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)