आज खुलेगा देश का सबसे बड़ा आईपीओ, जियो प्लेटफॉर्म्स जुटाएगी 30,188 करोड़ रुपये
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड का देश का सबसे बड़ा आईपीओ आज, 21 अक्टूबर से आम निवेशकों के लिए खुलने जा रहा ...और पढ़ें

देश का सबसे बड़ा आईपीओ आज से आम निवेशकों के लिए खुलने जा रहा है (फोटो- AI Generated)
HighLights
जियो प्लेटफॉर्म्स ने एंकर निवेशकों के लिए 8,110 करोड़ रुपए का साइज तय किया था
रिटेल निवेशक न्यूनतम एक स्लॉट यानी 12 शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं
डिजिटल डेस्क मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल सर्विसेज कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड का देश का सबसे बड़ा आईपीओ आज, 21 अक्टूबर से आम निवेशकों के लिए खुलने जा रहा है। कंपनी इसके जरिए 30,188 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। आईपीओ 23 अक्टूबर तक खुला रहेगा।
इसी के साथ, जियो आईपीओ का जीएमपी (Jio IPO GMP) 19 अक्टूबर को ₹250 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। जबकि इसका न्यूनतम जीएमपी 3 अक्टूबर को ₹125 दर्ज किया गया था।
30 गुना ज्यादा बोलियां
जियो प्लेटफॉर्म्स ने एंकर निवेशकों के लिए 8,110 करोड़ रुपए का साइज (Anchor Book) तय किया था, लेकिन इसके मुकाबले 30 गुना से ज्यादा की बोलियां प्राप्त हुई हैं। इस एंकर बुक में दुनिया के सबसे बड़े एसेट मैनेजर्स, सॉवरेन वेल्थ फंड्स, पेंशन फंड्स और घरेलू संस्थागत निवेशकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।
रिटेल निवेशक न्यूनतम एक लॉट यानी 12 शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऊपरी प्राइस बैंड पर इसके लिए 13,428 रुपये का निवेश करना होगा। अधिकतम 14 लॉट (168 शेयर) तक बोली लगाई जा सकती है।
ग्रे मार्केट में शेयर का प्रीमियम (जीएमपी) करीब 252 रुपये प्रति शेयर चल रहा है। इसके हिसाब से लिस्टिंग 1,371 रुपये के आसपास हो सकती है, जिससे करीब 22.5 प्रतिशत रिटर्न मिलने की संभावना जताई जा रही है।
विदेशी निवेशक: ग्लोबल दिग्गजों में ब्लैकरॉक, फिडेलिटी, जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट, फ्रैंकलिन टेम्पलटन और कैपिटल ग्रुप शामिल हैं। वहीं, सिंगापुर (GIC), अबू धाबी और कतर के सरकारी निवेश फंड्स ने भी भारी डिमांड दिखाई है।
घरेलू निवेशक: भारत के टॉप-10 म्यूचुअल फंड्स (SBI, ICICI प्रूडेंशियल, HDFC, कोटक, निप्पॉन इंडिया आदि) के साथ-साथ LIC, HDFC लाइफ और SBI लाइफ जैसी बड़ी बीमा और पेंशन कंपनियों ने भी इसमें जमकर पैसा लगाया है।
जियो प्लेटफॉर्म्स का दबदबा
जियो प्लेटफॉर्म्स, रिलायंस के टेलीकॉम और डिजिटल बिजनेस का मुख्य घर है। 50 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स वाली 'रिलायंस जियो इन्फोकॉम' भी इसी के अंतर्गत आती है, जो कंपनी के कुल रेवेन्यू का लगभग 90% हिस्सा लाती है।
कंपनी अब अपने टेलीकॉम कारोबार के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड सर्विस और एंटरप्राइज तकनीक के विस्तार पर भी फोकस कर रही है।
