Stock Market Outlook: आज शेयर बाजार की कैसी रहेगी चाल? Bajaj Finance-Tata Power समेत इन शेयरों पर रहेगी नजर
भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को सुस्त शुरुआत के संकेत हैं, जबकि बुधवार को बाजार में तेजी रही थी। निवेशकों ...और पढ़ें

आज इन शेयरों पर रहेगी नजर
HighLights
GIFT Nifty से सुस्त शुरुआत के संकेत।
Tata Power, Bajaj Finance जैसे शेयर फोकस में।
कई कंपनियों के तिमाही नतीजे आज आएंगे।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार, 12 नवंबर को कारोबार की शुरुआत सुस्त रहने के संकेत मिल रहे हैं। बुधवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली थी और सेंसेक्स करीब 773 अंक उछलकर 9 महीने के हाई पर पहुंच गया था। वहीं निफ्टी भी 25,250 के पार बंद हुआ। हालांकि, आज GIFT Nifty के संकेत बता रहे हैं कि बाजार की शुरुआत सीमित दायरे में हो सकती है। ऐसे में निवेशकों की नजर ग्लोबल मार्केट के संकेतों, अक्टूबर के महंगाई आंकड़ों और कंपनियों के नतीजों पर रहेगी।
GIFT Nifty से क्या मिल रहे हैं संकेत?
GIFT Nifty करीब 25,213 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसमें पिछले निफ्टी फ्यूचर क्लोजिंग के मुकाबले करीब 12 अंकों या 0.05% की बढ़त थी। इससे भारतीय बाजार में फ्लैट से सुस्त शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं।
ग्लोबल मार्केट की बात करें तो बुधवार को अमेरिकी बाजारों में रिकवरी जारी रही। Dow Jones करीब 250 अंक चढ़कर बंद हुआ। Nasdaq में करीब 1.6% की तेजी रही, जबकि S&P 500 भी करीब 1.3% ऊपर गया।
हालांकि, एशियाई बाजारों से मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। दक्षिण कोरिया का Kospi शुरुआती कारोबार में करीब 0.2% ऊपर खुला, जबकि जापान का Nikkei भी हल्की बढ़त में रहा। दूसरी ओर ताइवान का Taiex करीब 0.75% तक गिर गया।
आज इन शेयरों में दिखेगी हलचल
गुरुवार के कारोबार में कई कंपनियों के शेयर खबरों और तिमाही नतीजों के चलते फोकस में रहेंगे।
1. Tata Power: कंपनी का दूसरी तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 48.6% बढ़कर 1,366.1 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी तिमाही में यह 919.4 करोड़ रुपये था। कंपनी का रेवेन्यू भी 26.3% बढ़कर 19,635.9 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने महाराष्ट्र में 1,800 MW के पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट के लिए 11,871 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है।
2. Mishra Dhatu Nigam: कंपनी के नतीजे मजबूत रहे। दूसरी तिमाही में इसका मुनाफा 114.8% बढ़कर 27.8 करोड़ रुपये हो गया। वहीं रेवेन्यू 41.1% की बढ़त के साथ 295.9 करोड़ रुपये रहा।
3. Bajaj Finance: कंपनी ने 11 नवंबर को क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) लॉन्च किया है। इसके लिए फ्लोर प्राइस 992.25 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी इस कीमत पर 5% तक डिस्काउंट भी दे सकती है।
4. Aurobindo Pharma: कंपनी की सब्सिडियरी Lannett Company के अमेरिका स्थित Seymour प्लांट के निरीक्षण के बाद US FDA ने चार ऑब्जर्वेशन जारी किए थे। अब FDA ने इस निरीक्षण के नतीजे को ‘Official Action Indicated’ (OAI) कैटेगरी में रखा है। इस खबर का असर शेयर पर देखने को मिल सकता है।
5. ITC: कंपनी ने Gold Flake RSFT (69 mm) सिगरेट के एक पैक की कीमत 125 रुपये से बढ़ाकर 135 रुपये कर दी है। यानी प्रति पैक 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
6. Tata Investment Corporation: नोएल एन टाटा 11 नवंबर से कंपनी के चेयरमैन और डायरेक्टर पद से रिटायर हो गए हैं। बोर्ड ने उन्हें 12 नवंबर से चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त किया है।
7. Aditya Infotech: Dixon Technologies ने Aditya Infotech में अपनी 1.14% हिस्सेदारी यानी 14.04 लाख शेयर 581.65 करोड़ रुपये में बेचे हैं। यह सौदा 4,140 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ। इस बिक्री में Motilal Oswal Mutual Fund और Kotak Mahindra Mutual Fund खरीदार रहे।
इन शेयरों पर भी रखें नजर
इसके अलावा Triveni Turbine और DCX Systems के शेयर भी फोकस में रहेंगे। Triveni Turbine का मुनाफा 41.6% गिरकर 53.3 करोड़ रुपये रहा, जबकि रेवेन्यू में 3% की गिरावट आई। वहीं DCX Systems का घाटा घटकर 0.25 करोड़ रुपये रह गया, लेकिन कंपनी का रेवेन्यू 27.3% गिरकर 140.2 करोड़ रुपये पर आ गया।
आज इन कंपनियों के आएंगे नतीजे
गुरुवार को एल्केम लैबोरेटरीज, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL), मनप्पुरम फाइनेंस, ऑयल इंडिया, ओला इलेक्ट्रिक, भारत डायनामिक्स, वोडाफोन आइडिया, एनएमडीसी, पेज इंडस्ट्रीज, आईआरसीटीसी, रेल विकास निगम और हिताची एनर्जी इंडिया समेत कई कंपनियां अपने दूसरी तिमाही के नतीजे जारी करेंगी।
इसके अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर, ओएनजीसी, आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स और बायर क्रॉपसाइंस समेत कई शेयर एक्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगे। वहीं Kaynes Technology का शेयर F&O बैन में रहेगा।
डिस्क्लेमर: यह खबर केवल जानकारी के उद्देश्य से है। शेयर बाजार में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।