सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अगले हफ्ते किधर जाएगा शेयर बाजार? थमेगी गिरावट या और टूटेंगे सेंसेक्स-निफ्टी; Q2 रिजल्ट्स समेत ये फैक्टर्स होंगे अहम

By Jagran BusinessEdited By: Kashid Hussain
Published: Sun, 18 Oct 2026 01:12 PM (IST)

भारतीय शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह कंपनियों के तिमाही नतीजों, जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ और कच्चे तेल की कीमतों ...और पढ़ें

शेयर बाजार के लिए कैसा रहेगा अगला हफ्ता (AI फोटो)

शेयर बाजार के लिए कैसा रहेगा अगला हफ्ता (AI फोटो)

HighLights

  1. बाजार की दिशा तिमाही नतीजों और जियो आईपीओ से तय होगी

  2. कच्चे तेल की कीमतें और भू-राजनीतिक अनिश्चितता चिंता का विषय

  3. एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, एक्सिस बैंक के नतीजे मजबूत रहे

एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह कंपनियों के तिमाही नतीजों, कच्चे तेल की कीमतों, जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) और विदेशी निवेशकों की कारोबारी गतिविधियों से तय होगी। इसके अलावा पश्चिम एशिया के घटनाक्रम और रुपये-डॉलर की विनिमय दर पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।
‘दशहरा’ के अवसर पर मंगलवार को शेयर बाजार बंद रहेंगे। ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘लगातार दो सप्ताह की बढ़त और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में मजबूत सुधार के बाद घरेलू शेयर बाजार में तेजी का रुख बना है। हालांकि, इस तेजी को बरकरार रखना बाजार के लिए चुनौती होगी।''

ये फैक्टर्स होंगे अहम

पोनमुडी ने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, भू-राजनीतिक अनिश्चितता, वैश्विक बॉण्ड बाजार में उतार-चढ़ाव और सीमित शेयरों में तेजी निवेशकों को सतर्क रहने का संकेत दे रही है। उन्होंने कहा कि निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि हालिया तेजी आईटी शेयरों से आगे दूसरे क्षेत्रों तक फैलती है या नहीं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। आईपीओ के लिए 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। इस इश्यू का साइझ 30,213 करोड़ रुपये जुटाए जाने की संभावना है, जिससे यह देश का अबतक का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है।

इन कंपनियों के आएंगे नतीजे

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजों का सिलसिला तेज होने के साथ ही शेयर और क्षेत्र विशेष में गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंदुस्तान जिंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इरेडा, इन्फोसिस, कोफोर्ज, क्रिसिल और स्विगी सहित कई कंपनियां आगामी सप्ताह अपने तिमाही नतीजे घोषित करेंगी।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के शोध प्रमुख (संपदा प्रबंधन) सिद्धार्थ खेमका के मुताबिक, सप्ताहांत में एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के नतीजों के बाद बैंकिंग शेयरों में निवेशकों की विशेष दिलचस्पी बनी रह सकती है।

एचडीएफसी बैंक के नतीजे

एचडीएफसी बैंक ने सितंबर तिमाही में 5.55 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 20,700 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया है। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ 22.28 प्रतिशत बढ़कर 16,333.18 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 13,357.06 करोड़ रुपये था।
एक्सिस बैंक ने भी चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 39.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 7,704.67 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है। बैंक के मुनाफे को मुख्य आय में बढ़ोतरी और परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार से समर्थन मिला।

कैसा रहा पिछला हफ्ता?

रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि वैश्विक बाजारों में अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल, कच्चे तेल की कीमतों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर निवेशकों की नजर रहेगी। इन कारकों का असर आयातित महंगाई, रुपये की विनिमय दर और कंपनियों की लाभप्रदता पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि हालिया तेजी की मजबूती का आकलन करने के लिए विदेशी संस्थागत निवेशकों की गतिविधियों और मुद्रा बाजार के रुझानों पर भी करीबी नजर रखी जाएगी। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,256.94 अंक यानी 3.11 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 625.7 अंक यानी 2.77 प्रतिशत मजबूत हुआ।

ये भी पढ़ें - अंबानी की जामनगर रिफाइनरी का दबदबा: पाबंदियों के बावजूद यूरोप और अमेरिका को जमकर तेल बेच रहा भारत; सुल्तान का देश भी साथ

"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)