Market Outlook: क्रूड $114 के पार, AI शेयरों में मचा हाहाकार; कैसा खुलेगा शेयर बाजार? आज इन स्टॉक्स पर रखें नजर
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को तेजी से शुरुआत की उम्मीद है, हालांकि एशियाई बाजारों की कमजोरी और अमेरिकी टेक शेयरों में बिकवाली से उतार-चढ़ाव संभव है।

क्रूड $114 के पार, AI शेयर में मचा हाहाकार
HighLights
भारतीय शेयर बाजार में आज तेजी के साथ शुरुआत की उम्मीद।
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें $114 के पार पहुंचीं।
अमेरिकी AI और टेक शेयरों में भारी बिकवाली से बाजार प्रभावित।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ होने की उम्मीद है। GIFT Nifty करीब 22,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद से लगभग 165 अंक या 0.73% ऊपर था। इससे घरेलू बाजार के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी के हरे निशान में खुलने के संकेत मिले। हालांकि, एशियाई बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी टेक शेयरों में भारी बिकवाली के चलते बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
इसके साथ सबसे चिंता की बात साबित हो रही है कच्चे तेल के दाम। वैश्विक बाजार में शुक्रवार यानी आज कच्चे तेल की कीमतों (Crude oil price) में बड़ी तेजी देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 114 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई, जो वर्ष 2022 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं अमेरिका में उत्पादित वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड भी करीब 100 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।
अमेरिकी बाजारों में टेक शेयरों की पिटाई
अमेरिका में महंगाई दर पर आई हालिया रिपोर्ट के बाद गुरुवार को प्रमुख AI कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे इस पूंजी-प्रधान क्षेत्र में बढ़ती उधार लागत से उत्पन्न जोखिमों को लेकर निवेशकों की चिंता उजागर हुई। सबसे अधिक गिरावट दर्ज करने वाली कंपनियों में डेटा सेंटर ऑपरेटर कोरवीव (16%), एआई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदाता नेबियस (11%), क्लाउड कंप्यूटिंग दिग्गज ओरेकल (9%) और एआई सर्वर विक्रेता डेल टेक्नोलॉजीज (11%) शामिल हैं। इन सभी गिरावटों के कारण बाजार मूल्य में लगभग 80 अरब डॉलर की कमी आई।
स्टॉक्स टू वॉच (Stocks to watch)
शेयर बाजार में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को Swiggy, Cyient, Colgate-Palmolive, Nuvoco Vistas, BlueStone Jewellery, CreditAccess Grameen और NLC India समेत कई कंपनियों के शेयर चर्चा में रहेंगे।
Swiggy: कंपनी का दूसरी तिमाही में कंसोलिडेटेड घाटा घटकर 922 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 1,092 करोड़ रुपये था। कंपनी का रेवेन्यू 36.1% बढ़कर 7,571 करोड़ रुपये हो गया। क्विक कॉमर्स कारोबार से रेवेन्यू 33.3% बढ़कर 1,306 करोड़ रुपये और फूड डिलीवरी रेवेन्यू 21.6% बढ़कर 2,338 करोड़ रुपये रहा।
Cyient: कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 7.3% गिरकर 132.5 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, रेवेन्यू 25.5% बढ़कर 2,235 करोड़ रुपये हो गया। मुनाफे में गिरावट और रेवेन्यू में बढ़ोतरी के बीच शेयर पर नजर रहेगी।
Colgate-Palmolive India: कंपनी का दूसरी तिमाही का मुनाफा 4.3% बढ़कर 341.6 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू भी 12.3% बढ़कर 1,705.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
Nuvoco Vistas: सीमेंट कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा 79.2% बढ़कर 65.3 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी अवधि में यह 36.4 करोड़ रुपये था। कंपनी का रेवेन्यू 13.5% बढ़कर 2,790 करोड़ रुपये हो गया।
BlueStone Jewellery: कंपनी का घाटा घटकर 3.2 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में 51.7 करोड़ रुपये का घाटा था। रेवेन्यू 45% बढ़कर 745 करोड़ रुपये रहा।
CreditAccess Grameen: कंपनी का स्टैंडअलोन मुनाफा 299% बढ़कर 501.6 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल यह 125.8 करोड़ रुपये था। रेवेन्यू 31.3% बढ़कर 1,350.7 करोड़ रुपये रहा।
NLC India: कंपनी ने ओडिशा में कोल गैसीफिकेशन, सिंथेसिस गैस और बीच सैंड मिनरल प्रोसेसिंग की संभावनाएं तलाशने के लिए समझौते किए हैं। बीच सैंड मिनरल प्रोसेसिंग सुविधा में करीब 2,000 करोड़ रुपये के संभावित निवेश की योजना है।
eMudhra: कंपनी ने ग्लोबल SSL/TLS सर्टिफिकेट कारोबार से स्वेच्छा से बाहर निकलने और अपने मुख्य एंटरप्राइज सॉल्यूशंस तथा ट्रस्ट सर्विसेज पर ध्यान बढ़ाने का फैसला किया है।
इन कंपनियों की भी रहेगी चर्चा
शीट मेटल फैब्रिकेशन, बोनफिग्लिओली ट्रांसमिशन, टोंबो इमेजिंग इंडिया और सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज इन कंपनियों की मेनबोर्ड लिस्टिंग पर नजर रहेगी। इसके साथ ही शेल्ज़ इंडिया जैसी कंपनी की SME लिस्टिंग भी आज के कारोबार में चर्चा में रह सकती है।
