सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शेयर बाजार में पैसा लगाने वालों के लिए बुरी खबर! 'LTCG खत्म करने पर कोई विचार नहीं'; सरकार ने कर दिया क्लियर

Published: Mon, 20 Jul 2026 03:19 PM (IST)Updated: Mon, 20 Jul 2026 03:45 PM (IST)

सरकार ने संसद में स्पष्ट किया है कि खुदरा और घरेलू निवेशकों के लिए इक्विटी लेनदेन पर लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स ...और पढ़ें

सरकार का LTCG खत्म करने का कोई प्रस्ताव नहीं

सरकार का LTCG खत्म करने का कोई प्रस्ताव नहीं

HighLights

  1. सरकार ने LTCG खत्म करने का प्रस्ताव नकारा

  2. खुदरा निवेशकों को LTCG से राहत नहीं

  3. वित्त राज्य मंत्री ने संसद में बताया

नई दिल्ली। सरकार ने 20 जुलाई को संसद में बताया कि अभी रिटेल और घरेलू निवेशकों के लिए इक्विटी ट्रांजैक्शन पर लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स टैक्स (LTCG) को खत्म करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। वहीं शेयर मार्केट में भरोसा बढ़ाने के लिए मार्केट के लोग एलटीसीजी पर राहत की मांग कर रहे हैं।
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में यह जानकारी दी है। उनसे पूछा गया था कि सरकार रिटेल और घरेलू निवेशकों के लिए LTCG को कब खत्म करेगी ताकि मार्केट में निवेशकों का भरोसा बढ़े, घरेलू निवेशकों की सुरक्षा हो और विदेशी व भारतीय निवेशकों के बीच बराबरी का माहौल बने। उन्होंने कहा, "ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।"

'टैक्स नीतियों की होती है समीक्षा'

चौधरी ने कहा कि कैपिटल गेन्स रेट्स समेत टैक्स नीतियों की समय-समय पर समीक्षा की जाती है। यह समीक्षा सालाना बजट प्रोसेस और कानूनी बदलावों के तहत मैक्रो-इकोनॉमिक पैमानों को ध्यान में रखकर की जाती है।

सरकार की कितनी हुई कमाई?

इक्विटी ट्रांजैक्शन पर LTCG कलेक्शन FY 2023-24 से जुड़े AY 2024-25 में 72,249 करोड़ रुपये से बढ़कर FY 2024-25 से जुड़े AY 2025-26 में 1,29,158 करोड़ रुपये हो गया। इन दो वर्षों में सरकार को LTCG के जरिए 2.01 लाख करोड़ रुपये मिले।

कितना है लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स टैक्स?

लिस्टेड इक्विटी और इक्विटी म्यूचुअल फंड पर लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स टैक्स 12.5% तय किया गया है, जो प्रति वित्तीय वर्ष 1.25 लाख रुपये से अधिक के मुनाफे पर लागू होता है। अगर किसी एसेट को 12 महीने से ज़्यादा समय तक रखा जाता है, तो उसे लॉन्ग-टर्म कैपिटल एसेट माना जाता है।

विदेशियों के लिए अलग हैं नियम?

क्या विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) को LTCG टैक्स से छूट दी गई है जबकि घरेलू और रिटेल निवेशक अभी भी यह टैक्स दे रहे हैं? इस सवाल के जवाब में बताया गया कि इक्विटी निवेश पर 12.5% LTCG टैक्स की दर FPIs, घरेलू निवेशकों और रिटेल निवेशकों के लिए एक जैसी है।

इससे पहले मई में, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि सरकार टैक्स सिस्टम, जिसमें LTCG और शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन्स (STCG) टैक्स से जुड़े मुद्दे शामिल हैं, को लेकर स्टॉक मार्केट निवेशकों की चिंताओं को सुनने के लिए तैयार है।
LTCG और STCG टैक्स की समीक्षा की मांग पर सीतारमण ने कहा था कि इस खास मुद्दे और किसी भी अन्य मुद्दे पर, हम हमेशा लोगों की बात सुनने के लिए तैयार हैं। हम निश्चित रूप से उनके सुझावों पर विचार करेंगे।"

ये भी पढ़ें - एक सेठ, एक महाराजा और एक दीवान ने मिलकर देश को दी पहली रक्षा कंपनी, आजादी से पुराना इतिहास; आज जमीन से अंतरिक्ष तक राज

"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)