बेबी फॉर्मूला पर घिरी Nestle India: FSSAI ने कसा कानूनी शिकंजा, खबर आते ही औंधे मुंह गिरे शेयर
FSSAI ने नेस्ले इंडिया के शिशु पोषण उत्पादों पर खाद्य सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन के आरोप में कानूनी कार्रवाई शुरू ...और पढ़ें

बेबी फॉर्मूला पर घिरी Nestle India
HighLights
FSSAI ने नेस्ले इंडिया के बेबी फॉर्मूला पर कानूनी कार्रवाई की।
शिशु पोषण उत्पादों में खाद्य सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन पाया गया।
इस खबर से नेस्ले इंडिया के शेयर 2-3% तक गिरे।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: भारत के खाद्य नियामक FSSAI ( भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) ने दिग्गज FMCG कंपनी नेस्ले इंडिया (Nestel india) के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। FSSAI ने कंपनी के 'बेबी फॉर्मूला' से जुड़े मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बड़ खबर के सामने आते ही शेयर बाजार में नेस्ले इंडिया के शेयरों में तगड़ी गिरावट दर्ज की गई।
क्या है पूरा मामला?
फूड सेफ्टी रेगुलेटर FSSAI ने Nestle India के शिशु पोषण से जुड़े उत्पादों में खाद्य सुरक्षा मानकों (food safety norms) के उल्लंघन का आरोप लगाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, FSSAI ने नेस्ले के 'नैन एक्सेला प्रो' (NAN Excella Pro) सहित तीन बेबी प्रोडक्ट्स की जांच की थी। जांच में नियमों की अनदेखी पाए जाने के बाद नियामक ने कंपनी के खिलाफ मामले दर्ज कर कानूनी कार्यवाही (Legal Action) शुरू कर दी है।
FSSAI ने क्या कहा?
FSSAI ने कहा है कि उसने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर मौजूद बच्चों के न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स और उनके प्रमोशन से जुड़े मटीरियल की जांच की है। "NAN Excella Pro Stage 1 में '5 HMOs' और 'Whey Protein' से जुड़े दावे देखे गए, जबकि Lactogen Pro 1 में 'Whey Protein' के आसानी से पचने का दावा देखा गया। इसके बाद, इन दावों को लेकर Nestlé India Limited से सफाई मांगी गई।
FSSAI ने एक बयान में कहा, "दोनों प्रोडक्ट FSS (शिशुओं के पोषण के लिए खाद्य पदार्थ) रेगुलेशन, 2020 के रेगुलेशन 4(2) का उल्लंघन करते पाए गए। यह रेगुलेशन शिशु आहार की बिक्री बढ़ाने के मकसद से किए जाने वाले प्रचार दावों या सामग्री पर रोक लगाता है। साथ ही, ये IMS एक्ट, 1992 की धारा 3 का भी उल्लंघन करते हैं, जो इनके विज्ञापन और प्रचार पर रोक लगाती है।"
शेयर बाजार पर दिखा सीधा असर
FSSAI की इस कार्रवाई की खबर जैसे ही बुधवार (18 सितंबर) को बाजार में फैली, निवेशकों में हड़कंप मच गया। घबराहट में हुई बिकवाली के चलते नेस्ले इंडिया के शेयरों में भारी गिरावट देखी गई और कारोबारी सत्र के दौरान शेयर करीब 2% से 3% तक टूट गए। बता दें कि 18 सितंबर को दोपहर 1:30 बजे, नेस्ले इंडिया के शेयर 2.3% गिरकर 1,336 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे।
