अनिल अग्रवाल की वेदांता रिसोर्सेज का बड़ा धमाका, पहली छमाही में मुनाफा 4 गुना बढ़कर 19891 करोड़ रुपये हुआ
अनिल अग्रवाल की वेदांता रिसोर्सेज का अप्रैल-सितंबर छमाही में मुनाफा चार गुना बढ़कर 19891 करोड़ रुपये हो गया है। यह वृद्धि बेहतर उत्पादन, परिचालन प्रदर्शन और मजबूत कमोडिटी कीमतों के कारण हुई, साथ ही कंपनी ने अपना शुद्ध कर्ज भी कम किया है।

वेदांता रिसोर्सेज का मुनाफा चार गुना बढ़कर 19891 करोड़ रुपये हुआ।
HighLights
वेदांता रिसोर्सेज का मुनाफा चार गुना बढ़कर 19891 करोड़ रुपये हुआ।
बेहतर उत्पादन और कमोडिटी कीमतों से कंपनी की कमाई बढ़ी।
कंपनी ने अपना शुद्ध कर्ज 1.7 अरब अमेरिकी डॉलर कम किया।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत के दिग्गज अरबपति अनिल अग्रवाल की लंदन हेडक्वार्टर स्थित कंपनी वेदांता रिसोर्स के मुनाफे में भारी उछाल देखने को मिला है। कंपनी का मुनाफा अप्रैल से सितंबर तक लगभग चार गुना बढ़कर 2139 मिलयन डॉलर यानी लगभग 19891 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी छमाही में कंपनी का मुनाफा 559 मिलियन डॉलर था।
कमाई में यह सुधार अधिक उत्पादन, बेहतर परिचालन प्रदर्शन और कमोडिटी की मजबूत कीमतों के बीच देखने को मिला। कंपनी ने अपने विभिन्न व्यवसायों में उत्पादन क्षमता को बढ़ाना भी जारी रखा।
कंपनी के अनुसार इस वित्त वर्ष की अप्रैल-सितंबर अवधि में उसका राजस्व बढ़कर 12294 मिलियन डॉलर हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में यह 9367 मिलियन डॉलर से अधिक था।
कंपनी का कर्ज भी हुआ कम
चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में वेदांता रिसोर्सेज ने अपना शुद्ध कर्ज 1.7 अरब अमेरिकी डॉलर कम कर दिया है, जिससे इसका कुल कर्ज घटकर 8.84 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया है। बेहतर कमाई और कैश जनरेशन से कंपनी की बैलेंस शीट को मजबूती मिली है। ग्रुप की लिक्विडिटी स्थिति मजबूत होकर 4.2 अरब डॉलर हो गई, जो FY26 के अंत की तुलना में 25% अधिक है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, "यह शानदार प्रदर्शन अधिक उत्पादन मात्रा, बेहतर परिचालन दक्षता, लगातार बढ़ाई जा रही उत्पादन क्षमता और कमोडिटी की ऊंची कीमतों की बदौलत संभव हुआ है।"
वेदांता रिसोर्सेज ने अपने विकास के अगले चरण में निवेश जारी रखा। इस दौरान 600 मिलियन डॉलर का ग्रोथ कैपिटल एक्सपेंडिचर किया गया, जिससे क्षमता विस्तार, ऑपरेशनल इंटीग्रेशन और लंबी अवधि में लागत के मामले में प्रतिस्पर्धी बने रहने में मदद मिली।
किन देशों में वेदांता का वजूद
वेदांता रिसोर्सेज का कामकाज धातु, खनिज, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में फैला हुआ है। इसके एसेट्स भारत, दक्षिण अफ्रीका, जाम्बिया, नामीबिया, लाइबेरिया, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, दक्षिण कोरिया, ताइवान और जापान में मौजूद हैं।
इसके व्यवसायों में जिंक, चांदी, एल्युमीनियम, तांबा, तेल और गैस, लौह अयस्क और स्टील, निकल, कोबाल्ट और कमर्शियल एनर्जी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- EPFO 3.0 का बड़ा तोहफा: बैंक खातों की तरह UPI से कर सकेंगे PF की निकासी और जमा
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।