Adani Enterprises Q2 Result: 55% गिरा अदाणी समूह की सबसे प्रमुख कंपनी का मुनाफा, खास वजह से प्रॉफिट में गिरावट
अदाणी एंटरप्राइजेज ने Q2 में ₹1,492.04 करोड़ का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछले साल से 55% कम है, मुख्य रूप से असाधारण लाभ की अनुपस्थिति के कारण हुआ है।

अदाणी एंटरप्राइजेज ने पोस्ट किए दूसरी तिमाही के नतीजे
HighLights
Q2 में अदाणी एंटरप्राइजेज का मुनाफा 55% घटा।
असाधारण लाभ नहीं होने से नेट प्रॉफिट गिरा।
ऑपरेशन से रेवेन्यू 75.14% बढ़कर ₹37,215 करोड़।
नई दिल्ली। अदाणी समूह की फ्लैगशिप कंपनी, अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) ने Q2 रिजल्ट जारी कर दिए हैं। सितंबर तिमाही में कंपनी के कंसोलिडेटेड प्रॉफिट (आफ्टर टैक्स ) में करीब 55% की गिरावट आ गई है, और यह घटकर ₹1,492.04 करोड़ रह गया है।
पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी को ₹3,303.71 करोड़ का शुद्ध लाभ हुआ था। कंपनी के मुनाफे में गिरावट की वजह असाधारण लाभ (Exceptional Gains) की वजह से आई है, क्योंकि इस तिमाही में ऐसा कोई लाभ कंपनी को नहीं हुआ, जबकि एक साल पहले उसे ₹3,583.28 करोड़ का ऐसा लाभ हुआ था।
Q2 रिजल्ट हाइलाइट्स
- वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में, ऑपरेशन से हासिल राजस्व 75.14% बढ़कर ₹37,215.62 करोड़ हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह ₹21,248.51 करोड़ था।
- इस तिमाही में EBITDA 66.59% बढ़कर ₹5,509 करोड़ हो गया, जो पिछले साल की इसी अवधि में ₹3,307 करोड़ था।
- कंपनी का EBITDA मार्जिन 14.8% रहा, जबकि वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही (Q2 FY26) में यह 15.56% था।
नतीजों पर गौतम अदाणी ने क्या कहा?
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, "हम आज ऐसे दौर में जी रहे हैं जहां बहुत बड़े बदलाव हो रहे हैं, इसलिए हमारी महत्वाकांक्षाओं का दायरा भी लगातार बढ़ना चाहिए। अडानी एंटरप्राइजेज ने एक बहुत ही प्रभावी तरीका अपना लिया है—जिसके तहत वे अपने सभी व्यवसायों में बड़े और जटिल लक्ष्यों को बड़े पैमाने पर हकीकत में बदल देते हैं,"
उन्होंने कहा, "इंटीग्रेटेड एनर्जी, एयरपोर्ट और AI इकोसिस्टम में हमारा निवेश इसके हालिया उदाहरण हैं। हमारी काम करने की क्षमता का सबसे बड़ा सबूत यह है कि घरेलू और वैश्विक निवेशक हम पर लगातार भरोसा जता रहे हैं; वे भारी उतार-चढ़ाव के बीच भी हमारे साथ साझेदारी करना चुन रहे हैं।"
ये भी पढ़ें - VAML Q2 Results: मुनाफा दोगुना से ज्यादा, कर्ज भी घटा; वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड ने पेश किए नतीजे
गौतम अदाणी ने कहा कि भारत को आगे बढ़ाने वाले कारक और मजबूत हो रहे हैं, इसलिए हमारा मानना है कि आने वाले मौकों का फायदा उठाने के लिए हम पहले से कहीं बेहतर स्थिति में हैं। हम भारत के भविष्य को लेकर बहुत सकारात्मक हैं और इसलिए, अपनी खुद की विकास यात्रा को लेकर भी आश्वस्त हैं।
