₹400 तक दिहाड़ी, 125 दिन रोजगार की गारंटी! 1 जुलाई से लागू हुआ नया कानून; बदलेगी गांवों की किस्मत!
VB-G RAM G Act 2026 Rules: केंद्र सरकार ने 1 जुलाई से 'VB-G RAM G Act' लागू किया है, जिसके तहत ग्रामीण परिवारों को अब 125 दिन का रोजगार और ₹400 तक की दिहाड़ी मिलेगी।

'VB-G RAM G' एक्ट लागू, अब 125 दिन रोजगार की गारंटी!
HighLights
1 जुलाई से 'VB-G RAM G Act' लागू, 125 दिन रोजगार।
ग्रामीण मजदूरों की दिहाड़ी ₹300 से बढ़कर ₹400 तक।
ग्रामीण विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर, पलायन रोकने का लक्ष्य।
नई दिल्ली: 1 जुलाई 2026 से देश के ग्रामीण इलाकों में रोजगार की तस्वीर बदलने वाली है। केंद्र सरकार का नया कानून VB-G RAM G Act लागू हो चुका है। इसका योजना का पूरा नाम है "विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन"। जिसके तहत अब हर ग्रामीण परिवार को साल में 125 दिन तक काम की गारंटी मिलेगी। यह पहले लागू MGNREGA से एक बड़ा बदलाव है, जहां 100 दिन रोजगार का प्रावधान था। अब सरकार ने इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया है, जिससे गांवों में आय और रोजगार दोनों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नए कानून से क्या होगा फायदा?
इस नए कानून के तहत मजदूरी दर भी आकर्षक रखी गई है। कई राज्यों में दिहाड़ी ₹300 से बढ़ाकर ₹400 तक तय की गई है, जिससे ग्रामीण मजदूरों की कमाई में सीधा इजाफा होगा। इस योजना को लेकर सरकार का मकसद साफ है कि गांवों में रोजगार के ज्यादा मौके देना और पलायन को कम करना।
इस योजना का फोकस
यह योजना सिर्फ रोजगार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों के विकास पर भी फोकस करती है। इसके तहत जल संरक्षण, ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, तालाब और अन्य स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर जोर दिया जाएगा। यानी अब सिर्फ काम के दिन बढ़ाना ही नहीं, बल्कि गांवों में टिकाऊ विकास को भी गति देना इस स्कीम का बड़ा लक्ष्य है।
कहां-कहां लागू होगी योजना?
सरकार ने इस योजना को पूरे देश में लागू करने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई राज्यों ने पहले ही इसे नोटिफाई कर दिया है और 1 जुलाई से इसका रोलआउट शुरू हो गया है। कुछ राज्यों ने शुरुआत में विरोध जरूर किया था, लेकिन अब ज्यादातर राज्य इस योजना को लागू करने के लिए तैयार हैं।
हालांकि, इस नए कानून को लेकर बहस भी जारी है। जहां सरकार इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला बड़ा कदम बता रही है, वहीं कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि फंडिंग मॉडल और लागू करने के तरीके को लेकर चुनौतियां सामने आ सकती हैं। इसके बावजूद यह तय है कि यह कानून पिछले 20 साल में ग्रामीण रोजगार व्यवस्था में सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
योजना का सुचारू संचालन
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया है कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हर पात्र ग्रामीण मजदूर को निरंतर रोजगार देना है, ताकि कोई भी एक दिन के लिए भी काम से वंचित न रहे।
इस नई व्यवस्था से जुड़ी मुख्य बातें इस प्रकार हैं:
बजट आवंटन: योजना को बिना किसी रुकावट के लागू करने और मजदूरों को समय पर पैसा मिलने की गारंटी के लिए, सभी राज्यों को ₹95,692.31 करोड़ का अंतरिम फंड जारी किया गया है। जब तक लाभार्थियों को नए 'ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड' जारी नहीं किए जाते, तब तक उनके पुराने ई-केवाईसी (e-KYC) सत्यापित जॉब कार्ड ही पूरी तरह मान्य रहेंगे, जिससे उनके काम में कोई बाधा न आए। इस योजना का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 2 जुलाई को आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में स्थित मुक्कावारिपल्ली गांव से किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।