सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Hello लिखते ही WhatsApp पर मिलेगा PF का पूरा अपडेट! ऐसे जॉइन करें EPFO का चैनल; पूरे होंगे जरूरी काम

Published: Sun, 18 Oct 2026 09:41 AM (IST)

EPFO Whatsapp channel: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपना आधिकारिक WhatsApp चैनल लॉन्च किया है, जिससे नौकरीपेशा लोगों को ...और पढ़ें

नौकरीपेशा लोगों के लिए काम की खबर! WhatsApp पर मिलेंगे PF, पेंशन और बीमा के अपडेट

नौकरीपेशा लोगों के लिए काम की खबर! WhatsApp पर मिलेंगे PF, पेंशन और बीमा के अपडेट

HighLights

  1. EPFO ने कर्मचारियों के लिए आधिकारिक WhatsApp चैनल शुरू किया।

  2. PF, पेंशन, बीमा योजनाओं की जानकारी और वीडियो उपलब्ध होंगे।

  3. ECR जमा करने की अंतिम तिथि भी चैनल पर बताई गई।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: नौकरी करने वाले लोगों के लिए PF, पेंशन और बीमा से जुड़ी जरूरी जानकारी पाना अब आसान हो सकता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपना आधिकारिक WhatsApp चैनल शुरू किया है। इस चैनल के जरिए कर्मचारी अपने मोबाइल पर EPFO की नई घोषणाओं, योजनाओं, जरूरी तारीखों और दूसरी उपयोगी जानकारियों के अपडेट पा सकते हैं। इस चैनल से जुड़ने वालों की संख्या 2 लाख के पार पहुंच चुकी है।

खास बात यह है कि यहां केवल नियमों और योजनाओं से जुड़ी सूचनाएं ही नहीं, बल्कि उन्हें समझने में मदद करने वाले वीडियो और ट्यूटोरियल के लिंक भी शेयर किए जाते हैं। इससे नौकरीपेशा लोगों को PF से जुड़े नियम समझने के लिए बार-बार अलग-अलग वेबसाइट खंगालने की जरूरत कम हो सकती है।

WhatsApp चैनल पर क्या-क्या जानकारी मिलेगी?

EPFO के इस चैनल पर मुख्य रूप से तीन योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी जाती है।

1. EPF यानी कर्मचारी भविष्य निधि : PF योगदान, खाते से एडवांस निकालने की प्रक्रिया और इससे जुड़े दूसरे अपडेट।
2. EPS यानी कर्मचारी पेंशन योजना: पेंशन से संबंधित नियमों और योजनाओं की जानकारी।
3. EDLI यानी कर्मचारी जमा संबद्ध बीमा योजना: कर्मचारियों को मिलने वाले बीमा लाभ और इससे जुड़े नियमों की जानकारी।

इसके अलावा EPFO की नई पहल, जरूरी तारीखों, फैसलों और कर्मचारियों की शिकायतों के समाधान के लिए लगाए जाने वाले शिविरों की जानकारी भी चैनल पर मिल सकती है।

पीएफ निकालने से लेकर नई नौकरी के नियमों तक के वीडियो

EPFO चैनल पर कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए उपयोगी वीडियो और ट्यूटोरियल के लिंक भी साझा किए जाते हैं। इनमें पीएफ खाते से एडवांस पैसा निकालने की प्रक्रिया, दोबारा नौकरी शुरू करने पर पीएफ में योगदान से जुड़े नियम और प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से संबंधित जानकारी शामिल है।

इससे कर्मचारियों को अलग-अलग प्रक्रियाओं को समझने में मदद मिल सकती है। हालांकि, सिर्फ वीडियो देखने या चैनल फॉलो करने से कोई आवेदन पूरा नहीं होता।

क्या WhatsApp से ही निकाल सकेंगे पीएफ का पैसा?

यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है। EPFO का WhatsApp चैनल फिलहाल मुख्य रूप से जानकारी और जागरूकता के लिए है। इसका मतलब यह नहीं है कि कर्मचारी WhatsApp पर ही अपना पीएफ बैलेंस चेक कर सकते हैं, निकासी का आवेदन कर सकते हैं या पेंशन और बीमा का क्लेम जमा कर सकते हैं। इन कामों के लिए संबंधित सुविधा के अनुसार EPFO के आधिकारिक पोर्टल, UMANG ऐप या क्षेत्रीय EPFO कार्यालय का इस्तेमाल करना होगा।

मोबाइल पर ऐसे जॉइन करें EPFO का WhatsApp चैनल

EPFO का आधिकारिक चैनल फॉलो करने के लिए इन स्टेप्स को अपनाएं:

1. अपने मोबाइल में WhatsApp खोलें।
2. नीचे या ऐप में मौजूद Updates सेक्शन पर जाएं।
3. Channels में जाकर Explore विकल्प चुनें।
4. सर्च बॉक्स में EPFO लिखें।
5. संगठन का आधिकारिक चैनल पहचानें और Follow पर क्लिक कर दें।

इसके बाद चैनल पर साझा किए जाने वाले अपडेट आप WhatsApp में देख सकेंगे।

कंपनियों के लिए भी जरूरी अपडेट

EPFO ने सितंबर 2026 के इलेक्ट्रॉनिक चालान-कम-रिटर्न (ECR) को जमा करने की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर से बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दी है। ECR में कर्मचारियों के वेतन और पीएफ, पेंशन व बीमा योगदान का विवरण दिया जाता है। वेतन सीमा में बदलाव के बाद रिटर्न जमा करने में अतिरिक्त समय की जरूरत को देखते हुए यह मोहलत दी गई है।

यह भी पढ़ें: ₹2 लाख का इंजेक्शन अब ₹64000 में! कैंसर रोधी 137 दवाओं के घटेंगे दाम; देखिए कितनी सस्ती होंगी टॉप 10 महंगी दवाएं?