क्रेडिट कार्ड ओवरलिमिट सुविधा के फायदे, नुकसान और भारी शुल्क से बचने के तरीके
क्रेडिट कार्ड ओवरलिमिट सुविधा आपात स्थिति में तय सीमा से अधिक खर्च करने की अनुमति देती है, लेकिन इसके इस्तेमाल ...और पढ़ें

नई दिल्ली। आज देश में बड़ी संख्या में लोग क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं। कई बार आपात स्थिति में लोगों पर क्रेडिट कार्ड की तय सीमा (अप्रूव्ड लिमिट) से ज्यादा खर्च आ जाता है। क्रेडिट कार्ड की 'ओवरलिमिट' सुविधा से ऐसे खर्च से निपटा जा सकता है। हालांकि, इस सुविधा का इस्तेमाल करने में सावधानी बरतनी चाहिए। इसका कारण यह है कि इसके लिए आपको काफी भारी शुल्क देना पड़ सकता है। आइए जानते हैं क्रेडिट कार्ड ओवरलिमिट सुविधा और इससे जुड़े शुल्कों के बारे में...
क्या है क्रेडिट कार्ड ओवरलिमिट सुविधा
प्रत्येक क्रेडिट कार्ड से पैसा खर्च करने की एक तय सीमा होती है। यह सीमा कार्डधारक की योग्यता के आधार पर तय की जाती है। प्रत्येक क्रेडिट कार्ड के साथ एक ओवरलिमिट सुविधा भी जुड़ी होती है। यह एक ऐसी सुविधा है जिससे कार्डधारक अपनी तय सीमा से अधिक खर्च कर सकता है। यह खर्च कार्ड जारी करने वाली शर्तों के अधीन होता है। मान लीजिए, आपके कार्ड की क्रेडिट लिमिट 50 हजार रुपये है। इस सुविधा का इस्तेमाल करके आप अपने क्रेडिट कार्ड से 50 हजार रुपये से अधिक का लेनदेन कर सकते हैं।
आटोमैटिक नहीं मिलती यह सुविधा
क्रेडिट कार्ड पर ओवरलिमिट की सुविधा स्वत: यानी आटोमैटिक नहीं मिलती है। इसके लिए कार्ड धारक को कार्ड जारी करने वाली संस्था को स्पष्ट सहमति देनी होती है। क्रेडिट कार्ड ओवरलिमिट के लिए कार्ड जारी करने वाली कंपनियों की पहले से तय एक नीति होती है और इस नीति के आधार पर ही कार्ड जारी करने वाली कंपनी ओवरलिमिट सुविधा देती है। नियमों, शर्तों, जोखिम आकलन और पहले से तय नीति के आधार पर क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली संस्था ओवरलिमिट लेनदेन को अस्वीकार या रोक सकती है।
कितना शुल्क देना होगा
आमतौर पर प्रमुख वित्तीय संस्थान तय क्रेडिट सीमा से ज्यादा खर्च की गई राशि पर लगभग 2.5 प्रतिशत क्रेडिट कार्ड ओवरलिमिट फीस लेती हैं। इस पर कम से कम 500-600 रुपये का चार्ज और जीएसटी भी लगता है। यह फीस बैंकों और क्रेडिट कार्ड के प्रकार के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
क्या सावधानी बरतें
- क्रेडिट कार्ड पर ओवरलिमिट सुविधा का लाभ लेने से पहले कार्ड धारक को अपने बैंक की इस सुविधा से जुड़ी ताजा शर्तों की जानकारी लेनी चाहिए।
- यदि ओवरलिमिट सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए कोई अतिरिक्त पात्रता की आवश्यकता है तो उसे ध्यान से पढ़ना चाहिए।
- ओवरलिमिट से जुड़े शुल्कों और करों के बारे में बैंक से अच्छी तरह पड़ताल कर लेनी चाहिए।
- बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर क्रेडिट कार्ड ओवरलिमिट सुविधा के बारे में पूरी पड़ताल करनी चाहिए।
- किसी भी प्रकार का शक होने पर क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली कंपनी की ग्राहक सेवा टीम से बात करनी चाहिए।
- पूरी जानकारी मिलने और अच्छी तरह से संतुष्ट होने के बाद ही क्रेडिट कार्ड ओवरलिमिट सुविधा का इस्तेमाल करना चाहिए।
- एक बार में बकाया रकम नहीं चुकाए जाने की स्थिति में क्रेडिट कार्ड की ब्याज-मुक्त अवधि से जुड़े नियमों और भुगतान की शर्तों को ध्यान से समझना चाहिए।
- ध्यान रखें, क्रेडिट कार्ड की ओवरलिमिट सुविधा आपात स्थिति में वित्तीय लचीलापन प्रदान कर सकती है। इसे बचत या सावधानीपूर्वक बजट बनाने के विकल्प के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
