सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

EPFO: अब मिलेगी ज्यादा पेंशन? हाई कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला, ज्यादा सैलरी वालों को दी राहत!

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:48 AM (IST)

EPFO Higher pension: बॉम्बे हाई कोर्ट ने EPFO को 40 से अधिक कर्मचारियों के उच्च पेंशन आवेदनों पर आठ सप्ताह में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

EPFO: अब मिलेगी ज्यादा पेंशन?

EPFO: अब मिलेगी ज्यादा पेंशन?

HighLights

  1. EPFO को उच्च पेंशन आवेदन पर कार्रवाई का निर्देश।

  2. PF ट्रस्ट नियम उच्च पेंशन से इनकार का आधार नहीं।

  3. पात्र कर्मचारियों को मिलेगी उच्च पेंशन का लाभ।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करने वाले उन कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है, जो ज्यादा सैलरी के आधार पर पेंशन पाने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। बॉम्बे हाई कोर्ट ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) को निर्देश दिया है कि वह 40 से ज्यादा कर्मचारियों के हायर पेंशन से जुड़े आवेदनों पर आठ सप्ताह के भीतर कार्रवाई करे। कार्ट ने साफ किया है कि कंपनी के PF ट्रस्ट के नियमों का हवाला देकर पात्र कर्मचारियों की ज्यादा पेंशन की मांग खारिज नहीं की जा सकती।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि मामला उन कर्मचारियों से जुड़ा था, जिन्होंने कर्मचारी पेंशन योजना (EPS 95) के तहत ज्यादा वेतन के आधार पर पेंशन पाने के लिए जॉइंट ऑप्शन दिया था। EPFO ने कुछ कर्मचारियों के आवेदन यह कहते हुए खारिज कर दिए थे कि उनकी कंपनियों के PF ट्रस्ट के नियम तय वेतन सीमा (wage ceiling) से अधिक योगदान की अनुमति नहीं देते थे या उनमें ज्यादा पेंशन के लिए जॉइंट ऑप्शन का प्रावधान नहीं था। इसके बाद कर्मचारियों ने कोर्ट का रुख किया।

हाई कोर्ट ने क्या कहा?

जस्टिस संदीप वी. मार्ने की पीठ ने EPFO के उन आदेशों को रद्द कर दिया, जिनमें कर्मचारियों के आवेदन खारिज किए गए थे। कोर्ट के मुताबिक, कंपनी के PF ट्रस्ट के नियम मुख्य रूप से भविष्य निधि के प्रबंधन से जुड़े होते हैं। इन नियमों को आधार बनाकर किसी पात्र कर्मचारी को EPS-95 के तहत ज्यादा पेंशन का विकल्प लेने से नहीं रोका जा सकता। कोर्ट ने EPFO को संबंधित कर्मचारियों के जॉइंट ऑप्शन आवेदनों पर आठ सप्ताह के भीतर कार्रवाई करने और उन्हें मंजूरी देने का निर्देश दिया।

क्या सभी कर्मचारियों को मिलेगी ज्यादा पेंशन?

इस फैसले का मतलब यह नहीं है कि अब हर प्राइवेट कर्मचारी को ज्यादा पेंशन (Pension) मिलने लगेगी। इसके लिए निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करना जरूरी है। कर्मचारी और नियोक्ता का जॉइंट ऑप्शन, वेतन के आधार पर किए गए PF योगदान और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा सकती है।

जॉइंट ऑप्शन क्या है?

यह कर्मचारी और नियोक्ता की ओर से मिलकर दिया जाने वाला विकल्प है, जिसके जरिए पात्र कर्मचारी EPS के तहत ज्यादा वेतन के आधार पर पेंशन की गणना कराने का दावा कर सकते हैं। केवल ज्यादा सैलरी होना ज्यादा पेंशन की गारंटी नहीं है।

कर्मचारियों के लिए क्या मायने हैं?

यह फैसला खास तौर पर उन पात्र कर्मचारियों के लिए राहत है, जिनकी ज्यादा पेंशन की अर्जी कंपनी के PF ट्रस्ट के नियमों का हवाला देकर खारिज कर दी गई थी। हालांकि, यह फैसला सभी EPFO सदस्यों के लिए नई आवेदन प्रक्रिया शुरू होने या सभी को स्वतः ज्यादा पेंशन मिलने का आदेश नहीं है।

यह भी पढ़ें: UPI पेमेंट फेल होने पर परेशान न हों! खाते से कटे पैसे नहीं लौटे तो बैंक देगा हर्जाना; रोजाना मिलेंगे ₹100-₹100