फेस्टिव सीजन में भूलकर भी न करें ये 7 गलतियां, क्रेडिट कार्ड का ‘मायाजाल’ चुटकियों में डुबा सकता है आपकी कमाई!
Hidden Charges of Credit Card: फेस्टिव सीजन में क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल से जुड़ी 7 गलतियों और छिपे हुए चार्जेस ...और पढ़ें

फेस्टिव सीजन में भूलकर भी न करें ये 7 गलतियां, क्रेडिट कार्ड का ‘मायाजाल’ चुटकियों में डुबा सकता है आपकी कमाई!
HighLights
भारी ब्याज और लेट फीस से बचने के लिए समय पर बिल भरें।
क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना सबसे महंगा सौदा, इससे बचें।
नो कॉस्ट ईएमआई और विदेशी लेनदेन के छिपे शुल्क जानें।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। फेस्टिव सीजन आ चुका है और अब आपको हर जगह कई सारे ऑफर्स (Festive Season Sale) देखने को मिलेंगे। ऐसे में कई लोग कैश में शॉपिंग करेंगे तो वहीं कई सारे लोग ऐसे होंगे जो क्रेडिट कार्ड से शॉपिंग (Shopping Credit Card) करेंगे।
ऐसे में अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन क्रेडिट कार्ड से शॉपिंग के बारे में सोच रहे हैं तो सावधान हो जाइए। क्रेडिट कार्ड में कुछ ऐसे चार्जेस छिपे (Hidden Charges of Credit Card) हैं जो आपकी जेब खाली कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं इन हिडन चार्जेस के बारे में।
किन 7 बातों का रखना है ध्यान?
1. भारी-भरकम ब्याज (High Interest Rate): अगर आप ज्यादातर शॉपिंग क्रेडिट कार्ड से करते हैं तो उसका बिल भी समय से चुकाएं, वरना कार्ड कंपनियां 30% से 45% तक का सालाना ब्याज लगा सकती हैं, जिससे आपका काफी ज्यादा खर्चा हो सकता है। इसलिए कार्ड से सिर्फ उतना खर्च करें, जितना आप समय से भर पाएं।
2. लेट पेमेंट फीस (Late Payment Fee): त्योहारों की भागदौड़ में बिल भरने की तारीख कई बार दिमाग से निकल जाता है, तो बैंक ₹500 से ₹1,500 तक की पेनल्टी ठोक देते हैं। ऐसे में इस लेट फीस से न सिर्फ आपकी जेब पर असर पड़ता है, बल्कि आपके क्रेडिट स्कोर पर भी बुरा असर पड़ता है। इसलिए कार्ड का बिल हमेशा ड्यू डेट से पहले ही कार्ड का पेमेंट कर दें।
3. कैश निकालने की गलती (Cash Advance Fee): अगर आप एटीएम से क्रेडिट कार्ड के जरिए कैश निकाल रहे हैं, तो ये सबसे महंगा सौदा है। इस पर कोई 'फ्री पीरियड' नहीं मिलता और पहले ही दिन से 48% सालाना तक का ब्याज लगना शुरू हो जाता है। इसलिए कभी क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने की गलती न करें।
4. ओवर लिमिट फीस (Over Limit Fee): फेस्टिव सीजन में क्रेडिट कार्ड से उतनी ही शॉपिंग करें जितनी आपके कार्ड की लिमिट है। बैंक भले ही आपको एक्सट्रा लिमिट का ऑफर करें, लेकिन इस बात पर सहमति न जताएं, क्योंकि एक्सट्रा लिमिट खर्च करने पर बैंक भारी-भरकम फीस वसूलते हैं।
5. विदेशी मुद्रा लेनदेन (Forex Markup Fee): अगर आप फेस्टिव सीजन में किसी विदेशी वेबसाइट से ऑनलाइन शॉपिंग कर रहे हैं या विदेश यात्रा पर हैं, तो बैंक 2% से 3.5% तक कन्वर्जन चार्ज काट लेते हैं। इसलिए ऐसी जगहों पर उस कार्ड का इस्तेमाल करें जहां पर Forex Markup Fees जीरो हो या फिर बहुत कम हो।
6. ईएमआई का हिडन गेम: फेस्टिव सीजन में कई लोग नो कॉस्ट ईएमआई पर सामान खरीदते हैं। लेकिन आप इस तरह की चीजों से बचें क्योंकि नो कॉस्ट ईएमआई सुनने भले ही फ्री लगे, लेकिन इसमें भी प्रोसेसिंग फीस, प्लेटफॉर्म फीस जैसे कई छुपे हुए चार्जेस होते हैं।
7. सालाना और रिन्यूवल फीस: कई बार कार्ड को ‘फ्री’ कहकर थमा दिया जाता है, लेकिन बाद में उस पर एनुअल मेंटेनेंस चार्ज लग जाता है। इसलिए हमेशा कार्ड लेते समय चेक करें कि वो सिर्फ अभी फ्री मिल रहा है या अगले साल से आपको उसके लिए कोई फीस देनी होगी।
मालूम हो कि फेस्टिव सीजन में भले ही सामान सस्ता मिलता हो, लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि क्रेडिट कार्ड का ओवर इस्तेमाल करे। हमेशा कार्ड का बिल समय से चुकाएं ताकि आपको कई तरह का चार्जेस का बोझ न उठाना पड़े।
