FY18 Q4 नतीजों के बाद एशियन पेंट्स के शेयर्स में आई 6% तक की तेजी
बीएसई पर एशियवन पेंट्स का शेयर 5.95 फीसद की बढ़त के साथ 1287 रुपये के स्तर पर आ गया
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। शुक्रवार के कोराबारी सत्र में एशियन पेंट्स के शेयर्स में छह फीसद की बढ़त दर्ज की गई है। कंपनी के शेयर्स में यह तेजी वित्त वर्ष 2018 की चौथी तिमाही में बेहतर नतीजे के चलते देखने को मिली है। कंपनी ने तिमाही नतीजों में अपने मुनाफे में 3.39 फीसद की तेजी दर्ज की है।
बीएसई पर एशियन पेंट्स का शेयर 5.95 फीसद की बढ़त के साथ 1287 रुपये के स्तर पर आ गया। आपको बता दें कि कंपनी का यह 52 हफ्तों का रिकॉर्ड हाई है। वहीं एनएसई पर 5.77 फीसद की बढ़त के साथ इसने 1288 का एक वर्ष का उच्चतम स्तर छुआ है। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों पर कंपनी का शेयर्स टॉप गेनर रहा है।
बीएसई पर एशियन पेंट्स का प्रदर्शन-
बीएसई पर करीब 2.45 बजे एशियन पेंट्स 5.73 फीसद की बढ़त के साथ 1284.25 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसका दिन का और 52 हफ्तों का उच्चतम 1288 का स्तर रहा है। वहीं दिन का निम्नतम 1227.20 का स्तर रहा है। इसी तरह इसका 52 हफ्तों का निम्नतम 1081 का स्तर रहा है।
एशियन पेंट्स ने दर्ज किया 3.39 फीसद का मुनाफा
वित्त वर्ष 2018 की मार्च तिमाही में एशियन पेंट्स के कंसोलिडेटिड नेट मुनाफे में 3.39 फीसद की बढ़त दर्ज की गई है। यह बढ़त के साथ 495.91 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया है। बीते वर्ष की समान अवधि में कंपनी का मुनाफा 479.61 करोड़ रुपये के स्तर पर रहा था। वित्त वर्ष 2018 की चौथी तिमाही में कंपनी की कुल आय 4531.52 करोड़ रुपये रही है। जबकि बीते वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 4442.25 करोड़ रुपये के स्तर पर रहा था। यह जानकारी कंपनी की ओर से की गई बीएसई फाइलिंग से पता चली है। कंपनी ने 6.05 रुपये प्रति शेयर के लाभांश की सिफारिश की है।