SIP Vs PPF: 15 साल बाद कहां मिलेगा छप्परफाड़ रिटर्न? 10 हजार निवेश पर कैलकुलेशन से समझिए पूरा हिसाब
यह लेख SIP और PPF में 15 साल के निवेश पर मिलने वाले रिटर्न की तुलना करता है। ₹10,000 मासिक ...और पढ़ें

15 साल बाद कहां मिलेगा छप्परफाड़ रिटर्न?
HighLights
SIP 15 साल में PPF से अधिक रिटर्न देता है।
PPF सुरक्षित, टैक्स-फ्री, सरकार समर्थित निवेश विकल्प है।
SIP बाजार जोखिम के साथ उच्च रिटर्न की क्षमता रखता है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: जब भी फ्यूचर सिक्योर करने की बात आती है या लंबी अवधि के लिए निवेश की योजना बनाते हैं, तो दो नाम सबसे पहले दिमाग में आते हैं SIP (Systematic Investment Plan) और PPF (public provident fund)। 15 साल का समय निवेश के लिए एक बेहतरीन और लंबी अवधि मानी जाती है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल आता है कि 15 साल लगातार निवेश करने के बाद आपके हाथ में सबसे ज्यादा पैसा कहां से आएगा?
PPF क्यों है सुरक्षित?
PPF भारत सरकार द्वारा समर्थित एक बेहद लोकप्रिय और सुरक्षित निवेश योजना है। इसमें निवेश पर 15 साल की 'लॉक-इन पीरियड' (Lock-in Period) होता है। वर्तमान में PPF पर सरकार 7.1% सालाना ब्याज दे रही है। यह योजना EEE (Exempt-Exempt-Exempt) कैटेगरी में आती है। यानी आपका निवेश, उस पर मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी की पूरी रकम 100% टैक्स फ्री होती है। इसमें बाजार का कोई जोखिम नहीं होता है।
SIP से मिलेगा छप्परफाड़ रिटर्न!
म्यूचुअल फंड में SIP के जरिए आप हर महीने एक छोटी रकम शेयर बाजार में लगाते हैं। यह बाजार के जोखिमों के अधीन होता है, लेकिन लंबी अवधि में यह शानदार रिटर्न देने की क्षमता रखता है। वित्तीय विशेषज्ञों के अनुसार, इक्विटी म्यूचुअल फंड में 15 साल की लंबी अवधि में औसतन 12% सालाना का रिटर्न मिलने की उम्मीद रहती है। SIP से होने वाली कमाई पर आपको लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) टैक्स चुकाना पड़ता है।
15 साल में कहां मिलेगा पैसा?
मान लेते हैं कि आप ₹10,000 हर महीने यानी सालाना ₹1.20 लाख निवेश करते हैं। 15 साल तक लगातार निवेश करने पर आपका कुल निवेश ₹18,00,000 होगा। देखिए दोनों विकल्पों की मैच्योरिटी पर आपको क्या मिलेगा:
| निवेश का विकल्प | अनुमानित रिटर्न | कुल निवेश (15 साल में) | ब्याज मुनाफे की कमाई | कुल रकम |
| PPF | 7.1% सालाना तय | ₹18,00,000 | ₹14,54,567 | ₹32,54,567 |
| SIP | 12% अनुमानित सालाना | ₹18,00,000 | ₹32,45,760 | ₹50,45,760 |
(नोट: PPF की गणना वर्तमान 7.1% दर पर आधारित है। SIP का रिटर्न 12% का एक अनुमानित बाजार रिटर्न है, वास्तविक रिटर्न बाजार की चाल पर निर्भर करेगा।)
किसमें निवेश है समझदारी?
यहां पर गणित साफ बताता है कि 15 साल में SIP आपको PPF के मुकाबले करीब ₹18 लाख ज्यादा की कमाई दे सकता है। अगर आप बाजार का बिल्कुल भी जोखिम नहीं लेना चाहते हैं और टैक्स-फ्री गारंटीड पैसा चाहते हैं, तो PPF आपके लिए बेस्ट है। लेकिन, अगर आप बढ़ती महंगाई को मात देना चाहते हैं और अपनी दौलत को तेजी से बढ़ाना चाहते हैं, तो SIP एक बेहतर विकल्प साबित होता है।
