सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इन किसानों के लिए शिवराज ने किए ₹5547 करोड़ अप्रूव, सीधे बैंक खाते में पहुंचेंगे PSS के पैसे!

Published: Wed, 30 Sep 2026 01:34 PM (IST)

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरीफ मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए दलहन व तिलहन की खरीद हेतु ₹5,547.99 ...और पढ़ें

PSS के तहत होगी किसानों की फसल खरीद

PSS के तहत होगी किसानों की फसल खरीद

HighLights

  1. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ₹5547 करोड़ की PSS राशि स्वीकृत की।

  2. उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना के किसानों को मिलेगा सीधा लाभ।

  3. दलहन-तिलहन खरीद से किसानों को मिलेगा उचित और लाभकारी मूल्य।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| 30 सितंबर 2026, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने देश के किसानों के आर्थिक हितों पर जोर देते हुए खरीफ मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए एक बड़ा और किसान-हितैषी फैसला लिया है। केंद्र सरकार ने मूल्य समर्थन योजना (Price Support Scheme - PSS) के अंतर्गत उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक राज्यों में प्रमुख दलहन और तिलहन फसलों की खरीद के लिए कुल ₹5,547.99 करोड़ की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) राशि की खरीददारी का अप्रूवल दिया है।

केंद्रीय मंत्री के इस फैसले का सीधा उद्देश्य बाजार में फसलों की कीमतों में गिरावट से किसानों का बचाव करना और उन्हें उनकी उपज का लाभकारी मूल्य देना है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के कल्याण, उनकी आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सही दिशा में तेजी से काम कर रही है। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि किसानों को उसकी उपज का उचित दाम मिले और इसके लिए खरीद सिस्टम को पहले से अधिक पारदर्शी और आसान बनाया जा रहा है। इस अप्रूवल के तहत 3 प्रमुख राज्यों के किसानों से विभिन्न फसलों की बड़े पैमाने पर खरीद की जाएगी।

उत्तर प्रदेश के किसानों को मिला बड़ा हिस्सा

उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए सबसे बड़ा हिस्सा तय करते हुए कुल ₹3,992.57 करोड़ की खरीद को शिवराज सिंह चौहान द्वारा हरी झंडी दी गई है। इसके तहत राज्य में ₹3,937.70 करोड़ मूल्य की 4,66,000 मीट्रिक टन तुअर और ₹54.87 करोड़ मूल्य की 6,250 मीट्रिक टन मूंग की खरीद समर्थन मूल्य पर की जाएगी।

इन राज्यों के लिए भी खोली तिजोरी

कर्नाटक के दलहन और तिलहन उत्पादक किसानों के लिए ₹1,107 करोड़ की उपज खरीद को अप्रूवल दिया गया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दी गई मंजूरी से कर्नाटक में ₹659.27 करोड़ मूल्य की 1,15,500 मीट्रिक टन सोयाबीन, ₹335.83 करोड़ मूल्य की 38,250 मीट्रिक टन मूंग तथा ₹111.90 करोड़ मूल्य की 13,413 मीट्रिक टन सूरजमुखी (सनफ्लावर) की खरीद PSS के तहत की जाएगी।

इसके साथ ही, तेलंगाना के किसानों के लिए कुल ₹448.42 करोड़ की खरीद को केंद्रीय मंत्री द्वारा स्वीकृति दी गई है। इसमें ₹353.90 करोड़ मूल्य की 62,000 मीट्रिक टन सोयाबीन और ₹94.52 करोड़ मूल्य की 10,766 मीट्रिक टन मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीद शामिल है।

ये भी पढ़ें: यूरिया की कीमत में 106% की बढ़ोतरी DAP की बोरी भी ₹3500 के पार! ₹3 लाख करोड़ तक पहुंचेगी उर्वरक सब्सिडी

दलहन-तिलहन के क्षेत्र में बढ़ेगी आत्मनिर्भरता

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा, बल्कि देश में दलहन और तिलहन के उत्पादन को बढ़ावा देकर भारत को खाद्य तेलों और दालों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में भी मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी खरीद केंद्रों पर खरीद की व्यवस्थाएं पारदर्शी रहेंगी और किसानों को उनकी उपज की राशि का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।