सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब US में माल बेचना होगा आसान, MSMEs के लिए सरकार ने बनाया अमेरिकी ग्राहक ढूंढ़ने वाला प्लेटफॉर्म

Published: Thu, 10 Sep 2026 08:30 PM (GMT+05:30)

भारत ने अमेरिकी बाजारों में भारतीय निर्यातकों, खासकर MSMEs की आसान पहुंच के लिए 'इंडिया-यूएस ट्रेड फैसिलिटेशन पोर्टल' लॉन्च किया ...और पढ़ें

अमेरिका में ग्राहक ढूंढने के लिए भारत सरकार ने बनाया डिजिटल प्लेटफॉर्म

अमेरिका में ग्राहक ढूंढने के लिए भारत सरकार ने बनाया डिजिटल प्लेटफॉर्म

HighLights

  1. भारत ने अमेरिकी बाजार के लिए नया ट्रेड पोर्टल लॉन्च किया।

  2. MSMEs और नए निर्यातकों को सीधे अमेरिकी खरीदारों से जोड़ेगा।

  3. 2030 तक भारत-अमेरिका व्यापार 500 अरब डॉलर का लक्ष्य।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत अपने विदेशी व्यापार का विस्तार करने के क्षेत्र में लगातार काम कर रहा है। हाल ही में कई फ्री ट्रेड डील करने के बाद अब अमेरिकी बाजारों में भारतीय निर्यातकों को आसान पहुंच दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। भारत ने एक ऑनलाइन ट्रेड प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसका उद्देश्य खासतौर पर छोटे और मध्यम कारोबारियों (MSMEs) तथा पहली बार अमेरिका में निर्यात करने वाले कारोबारियों को अमेरिकी बाजार से जोड़ना है।

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। इसी बीच भारत ने द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक बढ़ाकर 500 अरब डॉलर से अधिक करने के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में यह कदम उठाया है।

अब बड़े खरीदारों से सीधे जुड़ सकेंगे एक्सपोर्टर

भारत सरकार ने भारतीय निर्यातकों को सीधे अमेरिकी खरीदारों और बड़े खुदरा विक्रेताओं से जोड़ने के लिए इंडिया-यूएस ट्रेड फैसिलिटेशन पोर्टल (India–USA Trade Facilitation Portal) नामक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। न्यूयॉर्क में भारत के कॉन्सुल जनरल बिनया एस. प्रधान ने बताया कि नए ट्रेड पोर्टल के जरिए वस्तुओं और सेवाओं के भारतीय निर्यातक अमेरिकी खरीदारों से सीधे जुड़ सकेंगे। इनमें Amazon, Walmart और Costco जैसे बड़े रिटेलर्स भी शामिल हैं।

इस प्लेटफॉर्म का खास फोकस छोटे और मध्यम आकार के कारोबारियों तथा नए निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में प्रवेश दिलाने पर है। इससे भारतीय MSMEs को नए खरीदार तलाशने और अमेरिका में अपनी बिक्री बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

भारत के लिए बहुत जरूरी है अमेरिकी बाजार

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, जुलाई तक के 12 महीनों में भारत के कुल निर्यात में अमेरिका की हिस्सेदारी करीब 20% रही। ऐसे में अमेरिका पर निर्भरता कम करने के लिए भारत लगातार दूसरे देशों में बाजार तलाश रहा है, लेकिन अमेरिकी बाजार का महत्व अभी भी बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय उत्पादों पर लगाए गए भारी-भरकम टैरिफ के बावजूद अमेरिका भारतीय निर्यातकों के लिए महत्वपूर्ण बाजार बना हुआ है।

ये भी पढ़ें: iphone 18 की प्राइस जितनी पूंजी में खड़े हो जाएंगे ये 3 धांसू बिजनेस! छोटे शहर में दुकान खोलने वाले छापें महीनें का ₹50000!

2030 तक 500 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पिछले साल हुई मुलाकात के दौरान दोनों देशों ने साल 2030 के अंत तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुने से अधिक बढ़ाकर 500 अरब डॉलर से ज्यादा करने का लक्ष्य तय किया था। भारतीय वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च में समाप्त वित्त वर्ष में भारत और अमेरिका के बीच वस्तुओं और सेवाओं का कुल व्यापार करीब 141 अरब डॉलर रहा।