प्याज के बाद टमाटर के दाम ने पकड़ी रफ्तार, 1 महीने में कीमत हुई दोगुनी! आपके शहर में इतना हुआ खुदरा भाव
प्याज के बाद अब टमाटर की कीमतों में भी तेजी से उछाल आया है, एक महीने में दाम दोगुने हो ...और पढ़ें

टमाटर की कीमतों में भी तेज बढ़ोतरी
HighLights
एक महीने में टमाटर के थोक दाम दोगुने से अधिक बढ़ गए।
असामान्य मौसम और कम आवक ने टमाटर की कीमतें बढ़ाईं।
प्रमुख शहरों में खुदरा टमाटर का भाव ₹50 प्रति किलो हुआ।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| अगस्त के बाद से ही प्याज की कीमतों में तेजी से उछाल आया है, इसी तरह टमाटर भी अब लाल होने लगा है। देश की प्रमुख कृषि मंडियों में टमाटर के दाम पिछले एक महीने में दोगुने से भी ज्यादा बढ़ गए हैं। इसी तरह से टमाटर की खुदरा कीमतों में भी दोगुने के करीब बढ़ोतरी देखने को मिली है। कारोबार से जुड़े लोगों के मुताबिक, सितंबर में तापमान में असामान्य बदलाव, पानी की कमी और रात के सामान्य से कम तापमान का असर टमाटर की फसल पर पड़ा है, जिससे टमाटर की पैदावार और मंडियों में आवक घटी है। टमाटर की खेती वाले प्रमुख राज्यों में शामिल कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में मौसम की मार ज्यादा देखने को मिली है।
यहां टमाटर के भाव दोगुने से ज्यादा बढ़े
कृषि मंत्रालय के एगमार्कनेट पोर्टल के मुताबिक कर्नाटक की कोलार कृषि उपज मंडी समिति (APMC) में टमाटर का मॉडल भाव एक महीने में दोगुने से भी अधिक दर्ज किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक 10 सितंबर को यहां टमाटर का मॉडल भाव ₹800 प्रति क्विंटल था, जो अब बढ़कर ₹1,500 प्रति क्विंटल हो गया है। वहीं हाई क्वालिटी के टमाटर का भाव ₹3,000 प्रति क्विंटल से ऊपर पहुंच गया है। इसी तरह आंध्र प्रदेश के चित्तूर की पलमनेर APMC में भी टमाटर के भाव में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। यहां टमाटर का भाव एक महीने पहले के ₹1,500 से बढ़कर ₹3,300 प्रति क्विंटल हो गया है।
इसके उलट महाराष्ट्र की नासिक कृषि उपज मंडी में टमाटर के भाव गिरे है। यहां एक महीने पहले ₹2,100 प्रति क्विंटल के मुकाबले अब भाव घटकर ₹1,250 प्रति क्विंटल रह गया है।
मंडियों में घट रही टमाटर की आवक
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक प्रमुख टमाटर उत्पादक इलाकों में फसल की आवक कम होने से कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में मौसम की स्थिति का भी फसल पर असर पड़ा है। एगमार्कनेट के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में मंडियों में टमाटर की आवक घटकर 1,200 टन से भी कम रह गई है, जो महीने पहले यह आवक करीब 1,700 टन थी। अक्टूबर की शुरुआत में आवक 950 टन से भी नीचे पहुंच गई थी. हालांकि, नासिक से टमाटर की अतिरिक्त खेप पहुंचने के बाद आवक में कुछ सुधार हुआ है।
ये भी पढ़ें: यहां ₹8 प्रति लीटर तक बढ़े दूध के दाम, कब से लागू होंगी नई कीमतें?
खुदरा बाजारों में कितनी पहुंची कीमत?
मंडियों में टमाटर के दामों में तेजी का असर खुदरा बाजारों में भी देखने को मिला है। करीब दो हफ्ते पहले की बात करें तो प्रमुख शहरों में टमाटर ₹20-₹25 प्रति किलो बिक रहा था। अब इसकी कीमत बढ़कर करीब ₹50 प्रति किलो हो गई है। मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में भी टमाटर करीब ₹50 किलो बिक रहा है। वहीं, दिल्ली में कीमत करीब ₹34-₹40 प्रति किलो टमाटर बिक रहे हैं।
