सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यहां ₹8 प्रति लीटर तक बढ़े दूध के दाम, कब से लागू होंगी नई कीमतें?

Published: Tue, 06 Oct 2026 08:02 PM (IST)

नंदिनी दूध की कीमतों में ₹8 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी को मंजूरी मिली है, हालांकि आचार संहिता के कारण ...और पढ़ें

दूध की कीमतों में फिर बढ़ोतरी

दूध की कीमतों में फिर बढ़ोतरी

HighLights

  1. कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में ₹8 बढ़ोतरी को मंजूरी दी।

  2. आचार संहिता के कारण नई दरें 1 नवंबर से लागू होने की उम्मीद है।

  3. बढ़ोतरी का उद्देश्य पशुपालकों की आय बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करना।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| पिछले 6 महीनों में कई राज्यों में दूध की कीमत में बढ़ोतरी हुई है। अगस्त में महाराष्ट्र में एक झटके में ₹9 प्रति किलो तक दाम बढ़े थे, जिसके बाद कीमत ₹100 के पार पहुंची और ₹102 प्रति लीटर तक दाम पहुंचे। अब कर्नाटक में भी दूध की कीमतों में भारी-भरकम बढ़ोतरी हुई है।

कर्नाटक कैबिनेट ने राज्य के लोकप्रिय डेयरी ब्रांड नंदिनी (Nandini) दूध की कीमतों में ₹8 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हालांकि विधान परिषद चुनावों के चलते राज्य में आचार संहिता लागू है, इसलिए सरकार फिलहाल इस बढ़ोतरी की औपचारिक घोषणा नहीं कर सकती। सरकार चुनाव आयोग से अनुमति लेने के बाद नई कीमतें लागू करेगी।

मीडिया के सरकारी सूत्रों के अनुसार, नई दरें 1 नवंबर से लागू हो सकती हैं। अंतिम बढ़ोतरी कितनी होगी, इस पर फैसला मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार द्वारा अगली कैबिनेट बैठक में लिया जाएगा।

5वीं बार बढ़ने जा रहे दूध के दाम

अगर कर्नाटक में ₹8 प्रति लीटर की पूरी बढ़ोतरी लागू होती है तो हाल के सालों में नंदिनी दूध की कीमतों में यह पांचवीं बढ़ोतरी होगी। मार्च 2025 में नंदिनी दूध के दाम ₹4 प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। इससे पहले जून 2024 में ₹2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, हालांकि उस समय उपभोक्ताओं को प्रति लीटर 50 मिलीलीटर अतिरिक्त दूध दिया गया था। बाद में कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (KMF) ने यह अतिरिक्त मात्रा वापस ले ली थी।

इसके अलावा जुलाई 2023 और नवंबर 2022 में भी दूध की कीमतों में ₹3-₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। अब इस बार पूरी ₹8 रुपये की वृद्धि लागू होती है तो नंदिनी के ब्लू पैकेट वाले टोंड दूध की कीमत ₹46 प्रति लीटर से बढ़कर ₹54 प्रति लीटर हो जाएगी।

डेयरी संघों ने ₹8-₹10 बढ़ोतरी की मांग की थी

राज्य के दुग्ध उत्पादक संघों का कहना है कि पशु आहार, चारा और दवाओं की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा परिवहन खर्च, प्लास्टिक पैकेजिंग की कीमतों में उछाल और सूखे के कारण चारे की कमी ने डेयरी कारोबार की लागत बढ़ा दी है। इसी वजह से विभिन्न दुग्ध संघों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दूध की कीमतों में ₹8 से ₹10 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की मांग की थी।

ये भी पढ़ें: त्योहारों से पहले सस्ता होगा खाने का तेल? ग्राहकों को राहत देने के लिए खुदरा कीमतों पर IVPA का मास्टर प्लान! सरकार करेगी निगरानी

दुग्ध उत्पादक संघों का दावा है कि कर्नाटक में टोंड दूध की खरीद कीमत लगभग ₹35 प्रति लीटर है, जबकि आंध्र प्रदेश में यह ₹41.50, केरल में ₹41.80, महाराष्ट्र में ₹41 और तमिलनाडु में ₹42.24 प्रति लीटर है।

किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

दूध उत्पादक संगठनों का कहना है कि कीमत बढ़ाने का उद्देश्य केवल डेयरी संस्थाओं की लागत निकालना नहीं, बल्कि दुग्ध किसानों को बेहतर भुगतान सुनिश्चित करना भी है। उनका तर्क है कि बढ़ती लागत के बीच किसानों को पर्याप्त मूल्य नहीं मिलने से दूध उत्पादन प्रभावित हो सकता है। सरकार का प्रयास दूध उत्पादक किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है।