चीनी के खुदरा कीमतों में भी आने लगी गिरावट! मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा गिरे दाम, किस राज्य में कितने हैं भाव?
अगस्त से लगातार बढ़ रहे चीनी के खुदरा दामों में अब नरमी देखी जा रही है, औसत कीमत ₹60 प्रति ...और पढ़ें

चीनी की खुदरा कीमतों में आई गिरावट
HighLights
चीनी की औसत खुदरा कीमत लगातार चौथे दिन ₹60 से नीचे।
मध्य प्रदेश में चीनी के दामों में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज हुई।
सरकार ने चीनी उत्पादन अनुमान घटाया, घरेलू मांग 280-285 लाख टन।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| अगस्त महीने से लगातार चीनी के खुदरा दामों में तेजी देखी गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर देखने को मिला। केंद्र सरकार के कई हस्तक्षेपों के बाद देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत लगातार चौथे दिन ₹60 प्रति किलोग्राम से नीचे बनी रही। हालांकि त्योहारों की मांग बढ़ने से कुछ राज्यों में कीमतों पर दबाव देखा गया।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत ₹59.57 प्रति किलोग्राम रही, जो एक दिन पहले ₹58.99 प्रति किलोग्राम थी। चीनी की कीमतें शुक्रवार को ₹60 प्रति किलोग्राम के स्तर से नीचे आई थीं और पिछले तीन दिनों से इसी स्तर के नीचे बनी हुई हैं।
₹85 प्रति किलोग्राम तक बिक रही शक्कर
लगातार चौथे दिन तक चीनी की रिटेल प्राइस ₹60 से कम है लेकिन मौजूदा कीमतें अब भी 21 अगस्त के लेवल से अधिक बनी हुई हैं। 21 अगस्त को चीनी की औसत खुदरा कीमत ₹58.23 प्रति किलोग्राम थी, जब केंद्र सरकार ने चीनी इंपोर्ट की अनुमति देने के साथ कीमतों को कंट्रोल करने के लिए कई कदम ठोस उठाए थे। हालांकि सोमवार को चीनी का अधिकतम खुदरा मूल्य ₹85 प्रति किलोग्राम और न्यूनतम मूल्य ₹40 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।
किन राज्यों में घटे और कहां बढ़े दाम?
दक्षिण भारत के राज्यों की बात करें तो आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जबकि तमिलनाडु और केरल में मामूली गिरावट देखने को मिली। आंध्र प्रदेश में चीनी की औसत खुदरा कीमत 21 अगस्त के ₹49.58 प्रति किलोग्राम से बढ़कर सोमवार को ₹55.56 प्रति किलोग्राम हो गई। वहीं केरल में यह ₹56.75 से बढ़कर ₹57.80 प्रति किलोग्राम पहुंच गई।
देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में कीमतों में कुछ कमी दर्ज की गई। महाराष्ट्र में औसत खुदरा कीमत ₹59 प्रति किलोग्राम से घटकर ₹58.22 प्रति किलोग्राम रह गई। उत्तर प्रदेश में यह ₹59.64 से घटकर ₹57.88 प्रति किलोग्राम हो गई।
ये भी पढ़ें: PF और पेंशन पाने वालों को EPFO का तोहफा, बिना एप और वेबसाइट के एक "Hello" मैसेज पर मिलेगी पूरी डिटेल!
मध्य प्रदेश में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली, जहां कीमतें ₹62.36 प्रति किलोग्राम से घटकर ₹56.57 प्रति किलोग्राम रह गईं। पश्चिम बंगाल में भी कीमतों में मामूली नरमी आई और औसत खुदरा मूल्य ₹60.95 से घटकर ₹60.43 प्रति किलोग्राम हो गया।
गौरतलब है कि 21 अगस्त को सरकार ने चीनी आयात की अनुमति दी थी और थोक उपभोक्ताओं तथा कारोबारियों के लिए स्टॉक रखने की सीमा को और सख्त किया था। सरकार का कहना है कि देश में चीनी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और कुछ चीनी मिलों द्वारा कीमतें बढ़ाई जा रही थीं।
हालांकि सरकार ने 2025-26 विपणन वर्ष (अक्टूबर-सितंबर) के लिए चीनी उत्पादन का अनुमान पहले के 343 लाख टन से घटाकर 306 लाख टन कर दिया है। वहीं घरेलू वार्षिक मांग 280 से 285 लाख टन के बीच रहने का अनुमान है।
