सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत का खाद्य तेल आयात 1.69 करोड़ टन पहुंचा, इंपोर्ट बिल भी 24% उछलकर ₹2 लाख करोड़ हुआ

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:53 PM (IST)

भारत का खाद्य तेल आयात तेल वर्ष 2025-26 में 6% बढ़कर 1.692 करोड़ टन हो गया, जबकि आयात बिल 24% ...और पढ़ें

भारत का खाद्य तेल आयात 1.69 करोड़ टन पहुंचा

भारत का खाद्य तेल आयात 1.69 करोड़ टन पहुंचा

HighLights

  1. खाद्य तेल आयात 6% बढ़कर 1.692 करोड़ टन पहुंचा।

  2. आयात बिल 24% बढ़कर लगभग ₹2 लाख करोड़ हुआ।

  3. कच्चे खाद्य तेलों का आयात कुल का 95% तक बढ़ा।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| खाने के तेल की घरेलू आपूर्ति के लिए भारत विदेशी देशों पर निर्भर है। एक ओर सरकार की तरफ से लगातार दलहन-तिलहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के प्रोग्राम चलाए जाते हैं तो वहीं दूसरी ओर देश का खाद्य तेल आयात फिर बढ़ गया है। उद्योग संगठन सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक भारत का खाद्य तेल आयात अक्टूबर 2026 में समाप्त हुए तेल वर्ष 2025-26 के दौरान 6% बढ़कर 1.692 करोड़ टन पहुंच गया। वहीं, खाद्य तेलों का आयात बिल 24% की भारी वृद्धि के साथ करीब ₹2 लाख करोड़ हो गया।

SEA के अनुसार, नवंबर से अक्टूबर तक चलने वाले तेल वर्ष 2025-26 में खाद्य तेलों का आयात बढ़कर 16.92 मिलियन टन हो गया, जबकि पिछले तेल वर्ष 2024-25 में यह 16.01 मिलियन टन था। उस दौरान आयात बिल करीब ₹1,61,126 करोड़ रहा था। गैर-खाद्य तेलों सहित कुल वनस्पति तेलों का आयात भी 5 प्रतिशत बढ़कर 1.724 करोड़ टन हो गया, जो पिछले वर्ष 1.636 करोड़ टन था।

दो दशक में आयात लागत 15 गुना बढ़ी

रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत घरेलू मांग और आपूर्ति के बीच अंतर को पूरा करने के लिए खाद्य तेलों का आयात करता है। इसकी शुरुआत 1990 के दशक में हुई थी। SEA के मुताबिक, पिछले 20 सालों में खाद्य तेलों का आयात 2.8 गुना बढ़ा है, जबकि इसकी लागत लगभग 15 गुना अधिक हो गई है।

रिफाइंड का आयात घटा, कच्चे तेल की खरीद बढ़ी

साल 2025-26 के दौरान रिफाइंड खाद्य तेलों का आयात घटकर 8.20 लाख टन रह गया, जबकि पिछले साल यह 17.40 लाख टन था। कुल आयात में रिफाइंड तेलों की हिस्सेदारी भी 11% से घटकर 5% प्रतिशत रह गई। इसकी मुख्य वजह इंडोनेशिया और मलेशिया से रिफाइंड पामोलीन का लगभग न के बराबर आयात रहा। इस दौरान रिफाइंड तेलों का अधिकांश आयात नेपाल से रिफाइंड सोयाबीन तेल के रूप में हुआ, जिसकी सप्लाई में तगड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दूसरी ओर, कच्चे खाद्य तेलों (क्रूड एडिबल ऑयल) का आयात 1.427 करोड़ टन से बढ़कर 1.611 करोड़ टन हो गया। कुल आयात में इनकी हिस्सेदारी 89 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत पहुंच गई। इस वृद्धि की प्रमुख वजह कच्चे पाम तेल की अधिक खरीद रही, जिसने रिफाइंड पामोलीन की जगह ली।

पाम और सॉफ्ट ऑयल के आयात में वृद्धि

SEA के आंकड़ों के अनुसार

- पाम ऑयल: आयात 75.8 लाख टन से बढ़कर 82.3 लाख टन हो गया।
- सॉफ्ट ऑयल: आयात 84.3 लाख टन से बढ़कर 87 लाख टन पहुंच गया।

कुल खाद्य तेल आयात में पाम ऑयल की हिस्सेदारी 47 प्रतिशत से बढ़कर 49 प्रतिशत हो गई। वहीं, सॉफ्ट ऑयल की हिस्सेदारी 53 प्रतिशत से घटकर 51 प्रतिशत रह गई।

नवंबर की शुरुआत में 23 लाख टन से अधिक तेल का स्टॉक

SEA के मुताबिक, 1 नवंबर को बंदरगाहों पर खाद्य तेलों का स्टॉक अस्थायी रूप से 13.5 लाख टन आंका गया। इसके अलावा, फैक्ट्रियों, डिपो, वितरकों और खुदरा विक्रेताओं के पास मौजूद सप्लाई चेन स्टॉक करीब 9.5 लाख टन था। इस तरह 1 नवंबर को देश में खाद्य तेलों का कुल स्टॉक 23.1 लाख टन रहा, जो 1 अक्टूबर के 20.7 लाख टन के मुकाबले 2.3 लाख टन अधिक है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।