भारत के सबसे बड़े सप्लायर इंडोनेशिया ने बदली पाम ऑयल की पॉलिसी! घटा निर्यात, अब कहां से आएगा खाने का तेल?
भारत के खाद्य तेल आयात बाजार में बड़ा बदलाव आया है, जहां दशकों तक शीर्ष पर रहा इंडोनेशिया अब तीसरे ...और पढ़ें

खाद्य तेलों के आयात बाजार में बदलाव
HighLights
इंडोनेशिया भारत को खाद्य तेल आपूर्ति में तीसरे स्थान पर।
अर्जेंटीना बना भारत का सबसे बड़ा वनस्पति तेल सप्लायर।
इंडोनेशिया की बायोडीजल नीति ने निर्यात घटाया, आपूर्ति बदली।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| खाद्य तेलों की आपूर्ति के लिए भारत विदेशी देशों पर निर्भर रहा है। अब देश के खाद्य तेल आयात बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। दशकों तक भारत को सबसे ज्यादा वनस्पति तेल सप्लाई करने वाला इंडोनेशिया अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। अर्जेंटीना और मलेशिया ने उसे पीछे छोड़ दिया है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की विदेशी कृषि सेवा (FAS) की 10 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्केटिंग वर्ष 2025-26 (अक्टूबर-सितंबर) में अर्जेंटीना भारत का सबसे बड़ा वनस्पति तेल सप्लायर बन गया है। वहीं मलेशिया दूसरे और इंडोनेशिया तीसरे स्थान पर है।
इंडोनेशिया ने बदली पॉलिसी
रिपोर्ट के मुताबिक, इंडोनेशिया से भारत को होने वाली पाम ऑयल की सप्लाई में 2022-23 से लगातार गिरावट आई है। इसकी प्रमुख वजह इंडोनेशिया में बायोडीजल में पाम ऑयल मिलाने की अनिवार्यता बढ़ना है। इससे देश के भीतर ही पाम ऑयल की खपत बढ़ गई है और निर्यात के लिए उपलब्ध मात्रा कम हुई है। यह बदलाव दिखाता है कि उत्पादक देशों की बायोफ्यूल नीतियां अंतरराष्ट्रीय खाद्य तेल कारोबार को प्रभावित कर रही हैं।
USDA के अनुसार, इंडोनेशिया में पाम ऑयल की घरेलू खपत 2022-23 के 1.913 करोड़ टन से बढ़कर 2025-26 में 2.283 करोड़ टन रहने का अनुमान है। 2026-27 में इसके बढ़कर 2.338 करोड़ टन होने की संभावना है। दूसरी ओर, देश का पाम ऑयल निर्यात 2025-26 के 2.503 करोड़ टन से घटकर 2026-27 में 2.16 करोड़ टन रहने का अनुमान है।
अर्जेंटीना कैसे बना भारत का सबसे बड़ा सप्लायर?
अर्जेंटीना के भारत का सबसे बड़ा सप्लायर बनने की प्रमुख वजह सोयाबीन तेल की मांग है। हाल के दिनों में अर्जेंटीना ने एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती की है, जिससे वहां का सोयाबीन तेल अंतरराष्ट्रीय बाजार में ज्यादा प्रतिस्पर्धी हुआ है। इसके अलावा, मलेशिया और थाईलैंड से भी भारत को पाम ऑयल की सप्लाई बढ़ी है। इन देशों में पिछले साल के मुकाबले बेहतर उत्पादन और इंडोनेशिया की तुलना में प्रतिस्पर्धी कीमतों ने निर्यात को बढ़ावा दिया है।
नेपाल उठा रहा SAFTA का लाभ
रिपोर्ट में चीन और नेपाल जैसे नए सप्लायर देशों की बढ़ती भूमिका का भी जिक्र किया गया है। चीन दक्षिण अमेरिका के बाहर दुनिया का सबसे बड़ा सोयाबीन तेल निर्यातक बन गया है। 2025-26 में उसका निर्यात 10.8 लाख टन रहने का अनुमान है, जो 2024-25 के 3.18 लाख टन से काफी अधिक है। वहीं नेपाल दक्षिण एशियाई मुक्त व्यापार समझौते (SAFTA) के तहत रिफाइंड तेल पर शुल्क मुक्त पहुंच का फायदा उठा रहा है। भारत नेपाल से जो सोयाबीन तेल खरीदता है, उसका बड़ा हिस्सा अर्जेंटीना से आयातित तेल है, जिसे नेपाल में रिफाइन करने के बाद भारत भेजा जाता है।
भारत के सूरजमुखी तेल आयात में भी अर्जेंटीना की हिस्सेदारी बढ़ी है। जुलाई 2026 से अर्जेंटीना भारत का प्रमुख सूरजमुखी तेल सप्लायर बना हुआ है। प्रतिस्पर्धी कीमतों के चलते भारत की अर्जेंटीना से खरीद पिछले मार्केटिंग ईयर के मुकाबले दोगुनी हो गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी दिखेगा असर
USDA ने अनुमान लगाया है कि भारत का कुल वनस्पति तेल आयात 2026-27 में रिकॉर्ड 1.739 करोड़ टन तक पहुंच सकता है, जबकि 2025-26 में यह 1.685 करोड़ टन रहने का अनुमान है। इसमें सूरजमुखी तेल का आयात 30 लाख टन से बढ़कर 38.5 लाख टन और पाम ऑयल का आयात 81 लाख टन से बढ़कर 84 लाख टन होने की संभावना है। वहीं सोयाबीन तेल का आयात 56 लाख टन से घटकर 50 लाख टन रह सकता है।
ग्लोबल लेवल पर भी पाम ऑयल के निर्यात में गिरावट का अनुमान है। USDA के मुताबिक, 2026-27 में दुनिया का कुल पाम ऑयल निर्यात 4.375 करोड़ टन रह सकता है, जो 2025-26 के 4.676 करोड़ टन से कम है। इसकी मुख्य वजह इंडोनेशिया से निर्यात में संभावित कमी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।