सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Gold Investment: सोना मजबूत, चांदी में बड़ा मौका लेकिन उतार-चढ़ाव भी ज्यादा; किसमें निवेश करना सबसे सही?

Published: Mon, 17 Aug 2026 03:03 PM (IST)Updated: Mon, 17 Aug 2026 04:07 PM (IST)

Gold Silver Outlook 2026: टाटा म्यूचुअल फंड की अगस्त 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, सोने में स्थिरता और चांदी में औद्योगिक मांग के चलते उच्च वृद्धि की संभावना है, लेकिन इसमें उतार-चढ़ाव भी अधिक रहेगा। रिपोर्ट में किसमें निवेश की सलाह दी गई है?

सोना चांदी निवेश 2026 टाटा म्यूचुअल फंड रिपोर्ट गोल्ड सिल्वर में निवेश का सही तरीका

सोना चांदी निवेश 2026 टाटा म्यूचुअल फंड रिपोर्ट गोल्ड सिल्वर में निवेश का सही तरीका

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

नई दिल्ली| सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल के बीच अगस्त 2026 में नया ट्रेंड देखने को मिल सकता है। लोगों का गोल्ड पर लॉन्ग टर्म में भरोसा कायम है, जबकि चांदी को इलेक्ट्रॉनिक्स, AI हार्डवेयर, रिन्यूएबल एनर्जी और सोलर जैसे सेक्टर से बड़ा सपोर्ट मिल रहा है। हालांकि, दोनों धातुओं में आगे भी उतार-चढ़ाव (Gold vs Silver investment) बना रह सकता है।

टाटा म्यूचुअल फंड की अगस्त 2026 की रिपोर्ट (Tata Mutual Fund commodity report) के मुताबिक, हाल के हफ्तों में सोने की कीमतों में रिकवरी देखने को मिली है। इसके पीछे अमेरिका के कुछ कमजोर आर्थिक आंकड़े और बॉन्ड यील्ड में नरमी अहम वजह रही।

लेकिन अभी ब्याज दरों की उम्मीद, डॉलर की चाल, बॉन्ड यील्ड और भू-राजनीतिक तनाव सोने की कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए छोटी अवधि में सोना एक सीमित दायरे में रह सकता है।

केंद्रीय बैंकों ने खरीदा 289 टन सोना

रिपोर्ट में सोने के लिए सबसे बड़े लॉन्ग टर्म सपोर्ट में केंद्रीय बैंकों की खरीद को रखा गया है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 की दूसरी तिमाही में केंद्रीय बैंकों ने 289 टन सोना खरीदा, जो किसी भी दूसरी तिमाही में अब तक की सबसे ज्यादा खरीद है। 2026 की पहली छमाही में कुल केंद्रीय बैंक खरीद 345 टन रही।

रिपोर्ट यह भी बताती है कि,

सोने की डिमांड में एक बड़ा बदलाव आया है। पहले ETF निवेश इसका अहम हिस्सा था, लेकिन अब केंद्रीय बैंक खरीदारी ने सोने की डिमांड को मजबूत आधार दिया है। 2025 में ETF निवेश भी तेजी से लौटा था, हालांकि मार्च 2026 के बाद US-Iran संघर्ष के बीच ग्लोबल गोल्ड ETF से पैसा निकलने लगा। जुलाई 2026 से ETF फ्लो में स्थिरता के शुरुआती संकेत दिखे हैं।

भारत में सोना ग्लोबल मार्केट से बेहतर

भारतीय निवेशकों के लिए एक और अहम बात सामने आई है। MCX गोल्ड ने साल की शुरुआत से इंटरनेशनल गोल्ड से बेहतर प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, रुपए में कमजोरी और ज्यादा इंपोर्ट ड्यूटी की वजह से भारतीय सोने की कीमतें साल-दर-साल करीब 6% ऊपर रहीं, जबकि इंटरनेशनल गोल्ड में गिरावट आई। जुलाई में भी इंटरनेशनल गोल्ड की कीमत करीब 0.95% बढ़ी, जबकि घरेलू गोल्ड में करीब -0.72% का प्रदर्शन रहा। साल-दर-साल घरेलू गोल्ड का प्रदर्शन करीब 12.45% बताया गया है।

यह भी पढ़ें- चांदी का 4000 साल पुराना इतिहास: गोल्ड नहीं, सिल्वर के दम पर चलती थी दुनिया! कैसे बनी थी भारत की सबसे ताकतवर करेंसी?

चांदी की कहानी थोड़ी अलग

चांदी ने कीमती धातुओं की तेजी का फायदा तो उठाया, लेकिन सोने के मुकाबले इसका प्रदर्शन कमजोर रहा। इसकी बड़ी वजह है कि चांदी सिर्फ कीमती धातु नहीं, बल्कि एक इंडस्ट्रियल कमोडिटी भी है। इसलिए ग्लोबल इकोनॉमी, ब्याज दरों और इंडस्ट्रियल डिमांड में बदलाव का असर इस पर ज्यादा पड़ता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 लगातार छठा साल हो सकता है, जब चांदी के बाजार में सप्लाई डेफिसिट रहेगा यानी मांग उपलब्ध सप्लाई से ज्यादा होगी। इलेक्ट्रॉनिक्स, AI से जुड़े हार्डवेयर, रिन्यूएबल एनर्जी और सोलर में चांदी का इस्तेमाल बढ़ रहा है।

चीन के पास चांदी की सप्लाई चेन की बड़ी ताकत

चांदी के मामले में चीन की भूमिका भी अहम है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के पास दुनिया के करीब 11% चांदी के भंडार हैं और वह ग्लोबल रिफाइनिंग क्षमता के करीब 60-70% को नियंत्रित करता है। अगर चीन अपनी घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देता है और सप्लाई चेन पर नियंत्रण बढ़ाता है, तो ग्लोबल मार्केट में चांदी की उपलब्धता पर दबाव बन सकता है।

गोल्ड vs सिल्वर: किसे कितनी जगह?

टाटा म्यूचुअल फंड की रिपोर्ट में सोने को ज्यादा स्थिर और डिफेंसिव एसेट माना गया है, जबकि चांदी में लॉन्ग टर्म ग्रोथ की संभावना ज्यादा लेकिन उतार-चढ़ाव भी अधिक है। इसी वजह से विविध पोर्टफोलियो के लिए 70:30 का गोल्ड-सिल्वर एलोकेशन एक व्यापक रणनीतिक फ्रेमवर्क के तौर पर सुझाया गया है।

साफ शब्दों में कहें तो रिपोर्ट का रुख लंबी अवधि में दोनों धातुओं पर सकारात्मक है, लेकिन निवेश में जल्दबाजी से बचने और खासकर चांदी में स्टैंडर्ड इन्वेस्टमेंट यानी धीरे-धीरे निवेश करने की बात कही गई है।

साथ ही रिपोर्ट साफ करती है कि तेज तेजी के बाद गोल्ड और सिल्वर में अचानक गिरावट या कंसोलिडेशन भी आ सकता है और ये आंकड़े निवेश की गारंटी नहीं हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।