सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गेहूं की कीमतों में ₹344 प्रति क्विंटल तक की गिरावट, FCI की ई-नीलामी में घटे दाम! इस राज्य में हुई बढ़ोतरी

Published: Fri, 06 Nov 2026 02:53 PM (IST)

भारतीय खाद्य निगम (FCI) की ई-नीलामी में अधिकांश राज्यों में गेहूं की कीमतों में ₹59 से ₹344 प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई।

गेहूं की कीमतों में गिरावट

गेहूं की कीमतों में गिरावट

HighLights

  1. FCI ई-नीलामी में गेहूं की कीमतों में गिरावट दर्ज।

  2. अधिकांश राज्यों में ₹59 से ₹344 प्रति क्विंटल तक दाम गिरे।

  3. महाराष्ट्र में गेहूं के दाम ₹107 प्रति क्विंटल बढ़े।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारतीय खाद्य निगम (FCI) की ओर से 4 नवंबर को आयोजित ई-नीलामी में महाराष्ट्र को छोड़कर देश के प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों में कीमतों में ₹59 से ₹344 प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। विशेषज्ञों के मुताबिक, नीलामी में प्रोसेसर्स की भागीदारी बढ़ाने और बिक्री के लिए गेहूं की मात्रा दोगुनी करने से कीमतों में गिरावट आई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक FCI के नीलामी पोर्टल से मिले आंकड़ों के अनुसार, गुजरात को छोड़कर राज्यों में कुल 1.91 लाख टन गेहूं बिक्री के लिए रखा गया था, जिसमें से सफल बोलीदाताओं ने 1.78 लाख टन गेहूं उठाने की इच्छा जताई। सरकार ने इस नीलामी में कुल 1.99 लाख टन गेहूं बिक्री के लिए रखा था, जबकि पिछले सप्ताह यह मात्रा 1.01 लाख टन थी। इसमें गुजरात के लिए 8,000 टन गेहूं भी शामिल था। हालांकि, शाम तक गुजरात की नीलामी का विवरण उपलब्ध नहीं हो पाया था। इस हफ्ते गेहूं का कुल उठाव मामूली घटकर करीब 93 प्रतिशत रह गया, जबकि पिछली नीलामी में यह 98 प्रतिशत था। पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में प्रस्तावित मात्रा की तुलना में कम बोलियां प्राप्त हुईं।

कीमतों में स्थिरता आने की उम्मीद

नीलामी में हिस्सा लेने वाले एक प्रोसेसर ने मीडिया को बताया कि इस सप्ताह प्रोसेसर्स की भागीदारी में काफी वृद्धि हुई है। इससे संकेत मिलता है कि पिछली नीति मांग का सही आकलन नहीं कर पाई थी और कम मात्रा में गेहूं उपलब्ध कराने के साथ भागीदारी भी सीमित थी। इसके कारण मिलर्स ने संभवतः बहुत ऊंची कीमतों पर बोली लगाई। उम्मीद है कि अब कीमतों में स्थिरता आएगी। हालांकि, सरकार को प्रत्येक प्रतिभागी के लिए खरीद की अधिकतम सीमा बढ़ाने पर भी विचार करना चाहिए, ताकि मिलर्स को अपने प्लांट चलाने के लिए FCI से उचित मात्रा में गेहूं मिल सके। उन्होंने आगे बताया कि उन्हें नीलामी में 300 टन गेहूं मिला, जो एक सप्ताह में किसी भी प्रोसेसर के लिए खरीद की अधिकतम निर्धारित सीमा है।

प्रमुख राज्यों में गेहूं के औसत भाव में गिरावट

इस सप्ताह पंजाब में गेहूं का औसत बिक्री मूल्य ₹2,648 प्रति क्विंटल रहा, जो 28 अक्टूबर को ₹2,992 प्रति क्विंटल था। वहीं अन्य राज्यों में गेहूं के औसत बिक्री मूल्य में इस प्रकार गिरावट दर्ज की गई:

राज्य कीमत में गिरावट ₹/क्विंटल
मध्य प्रदेश 298
हरियाणा  258
पश्चिम बंगाल 232
कर्नाटक 182
दिल्ली 168
बिहार 130
राजस्थान 115
उत्तर प्रदेश 59

महाराष्ट्र में गेहूं के भाव बढ़े

जहां देश के अधिकांश प्रमुख राज्यों में गेहूं के दाम गिरे, वहीं महाराष्ट्र में इसके विपरीत तेजी देखने को मिली। महाराष्ट्र में गेहूं का औसत बिक्री मूल्य बढ़कर ₹2,994 प्रति क्विंटल हो गया, जबकि 28 अक्टूबर को यह ₹2,887 प्रति क्विंटल था। इस तरह यहां कीमत में ₹107 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।