भारत के पहले बजट की कहानी है दिलचस्प, एक अंग्रेज ने पेश किया था बजट
वित्त मंत्री अरुण जेटली 1 फरवरी को अपनी सरकार के इस कार्यकाल का आखिरी बजट पेश करेंगे।
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। वित्त मंत्री अरुण जेटली 1 फरवरी को अपनी सरकार के इस कार्यकाल का आखिरी बजट पेश करेंगे। बता दें कि सरकार अब एक ही बजट पेश करती है, अब अलग से रेल बजट नहीं पेश किया जाता है। हर वित्त वर्ष पर पेश होने वाले आम बजट की अपनी-अपनी खूबियां और कमियां होती हैं। हर बजट की कहानी दिलचस्प होती है लेकिन क्या आपको पता है कि देश का पहला बजट कब पेश किया गया था। हम इस खबर में आपको देश के पहले बजट और आजाद भारत के पहले बजट के बारे में बता रहे हैं।
जानिए किसने पेश किया था देश का पहला बजट
भारत का पहला बजट एक अंग्रेज ने पेश किया था। जेम्स विल्सन ने 18 फरवरी 1860 को पहला बजट पेश किया था। जेम्स ब्रिटिश वायसराय काउंसिल के मेंबर (फाइनेंस) थे। वहीं, आजादी से पहले बनी भारत की अंतरिम सरकार का बजट लियाकत अली खां ने पेश किया था। यह बजट 9 अक्टूबर, 1946 से लेकर 14 अगस्त 1947 तक के लिए था। जबकि आजाद भारत का पहला बजट तत्कालीन वित्त मंत्री आरके षणमुखम शेट्टी ने 26 नवंबर, 1947 में पेश किया था। यह एक अंतरिम बजट था।
आजाद भारत का पहला बजट वित्त वर्ष 1947-48 में पेश किया गया जो साढ़े सात महीने की अवधि के लिए था। दरअसल, वित्त मंत्री ने सदन में कुल 6.52 करोड़ रुपए के घाटे का बजट पेश किया था। बजट में कुल आय 172.77 करोड़ रुपए और कुल व्यय 178.77 करोड़ रुपए दिखाया गया।
वित्त मंत्री शेट्टी ने वित्त वर्ष (फाइनेंशियल ईयर) 1948-49 का भी बजट पेश किया। यह बजट भी घाटे वाला था। शेट्टी ने 26.85 करोड़ रुपए के घाटे का बजट पेश किया जो कि पूरे वित्त वर्ष के लिए था। इस बजट में कुल आय 230.52 करोड़ रुपए और कुल व्यय 257.37 करोड़ रुपए बताया गया।