अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की संपत्ति में आई 3900 करोड़ रुपये की गिरावट
फोर्ब्स की 400 सबसे धनी अमेरिकियों की सूची में डॉनाल्ड ट्रंप 248वें स्थान पर हैं
नई दिल्ली (आइएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति में 60 करोड़ डॉलर (करीब 3900 करोड़ रुपये) की कमी आई है। अब यह घटकर 3.1 अरब डॉलर (करीब 201 अरब रुपये) रह गई है। फोर्ब्स की मंगलवार को जारी 400 सबसे धनी अमेरिकियों की सूची से यह तथ्य उजागर हुआ है।
अरबपतियों की सूची में इस साल ट्रंप 248वें स्थान पर हैं। पिछले साल के 156वें स्थान के मुकाबले वह इस साल 92 पायदान नीचे हैं। ट्रंप इस साल स्नैप के 27 वर्षीय सह-संस्थापक एवं सीईओ इवान स्पीगल के साथ संयुक्त रूप से इस स्थान पर हैं। फोर्ब्स की सूची में स्पीगल सबसे कम उम्र के अरबपति हैं। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स लगातार 24वें साल इस सूची में शीर्ष पर हैं। उनकी संपत्ति का मूल्य 89 अरब डॉलर (करीब 5787 अरब रुपये) होने का अनुमान है।
अमेजन के संस्थापक और सीईओ जैफ बेजोस 81.5 अरब डॉलर (लगभग 5300 अरब रुपये) की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इसके बाद वॉरेन बफे और फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग का स्थान है। मार्क की संपत्ति में 15.5 बिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। फोर्ब्स पत्रिफका की सीनियर वेल्थ एडिटर लूइसा क्रोल का कहना है कि इस बार ट्रंप ने अपनी रैंकिंग अच्छी करने के लिए कोई आवेदन नहीं किया है, जबकि पिछली बार उन्होंने अपनी रैंकिंग को बेहतर करने के लिए कहा था।